सर्व जाति संसद में गोहाना समेत 5 नए जिले बनाने की होगी मांग
गोहाना :-7 फरवरी : जनता आवाज संगठन जाट आरक्षण और समगोत्र विवाह को ले कर 24 फरवरी को बहादुरगढ़ में के.एम. पी. मांडोठी आसौदा टोल प्लाजा पर सर्व जाति संसद आयोजित करेगी। इस सर्व जाति संसद में गोहाना सहित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने की मांग भी की जाएगी।
बुधवार को यह जानकारी जनता आवाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश दलाल ने दी। वह शहर में सहयोगी नेताओं के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जाटों का आरक्षण से वंचित रखना संविधान के समानता के अधिकार के अनुच्छेद 14 की खुली अवज्ञा है। उन्होंने कहा कि केवल हरियाणा के जाट आरक्षण के लिए तरस रहे हैं, शेष राज्यों में दिल्ली समेत बाकी प्रदेशों के जाटों को उनका यह हक मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जाटों को अलग से नहीं, ओ.बी.सी. में आरक्षण चाहिए।
जनता आवाज के अध्यक्ष ने समगोत्र विवाह को सनातन धर्म पर कुठाराघात बताया और ऐसे विवाहों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि 2016 में जिस चरखीदादरी को नया जिला बनाया गया, उसमें भी दो ही विधानसभा क्षेत्र हैं। समान विधानसभा क्षेत्र गोहाना, बहादुरगढ़, हांसी, मंडी डबवाली और उचाना में भी हैं। ऐसे में इन पांचों स्थानों को भी जिला बनाया जाना चाहिए।
रमेश दलाल ने कहा कि अगर कर्पूरी ठाकुर और लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से अलंकृत किया जा सकता है तो समान सम्मान देश के पहले किसान पी.एम. चरण सिंह और डिप्टी पी. एम. देवीलाल को भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पं. लख्मी चंद यूनिवर्सिटी बनाना स्वागत योग्य है, लेकिन इसी सम्मान के अधिकारी अन्य सुविख्यात हरियाणवी कलाकार जाट मेहर सिंह, बाजे भगत, पं. मांगे राम और धनपत राय सांगी भी हैं। उनकी याद में भी संस्थान बनाए जाने चाहिए। इस अवसर पर आहुलाना बारहा के अध्यक्ष मलिक राज मलिक, गठवाला खाप के राष्ट्रीय महासचिव अशोक मदीना सहित जगदीश भावड़, कंवर भावड़, अनूप मलिक आदि भी उपस्थित रहे।


