SDM आशीष वशिष्ठ को भावभीनी विदाई, आर्य ने संभाला चार्ज
गोहाना :-5 फरवरी : रिकॉर्ड 5.9 साल लंबे कार्यकाल के बाद तबदील एस.डी.एम. और चीनी मिल के एम.डी. आशीष वशिष्ठ को सोमवार को भावभीनी विदाई दी गई। नवनियुक्त एस.डी.एम. विवेक आर्य ने शाम के समय कार्यभार ग्रहण कर लिया।
आशीष वशिष्ठ 2016 बैच के एच. सी. एस. अधिकारी हैं। वह 7 मई 2018 को गोहाना आए थे। विवेक आर्य 2021 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी हैं। विवेक आर्य और आशीष वशिष्ठ को परस्पर स्थानांतरित किया गया है। विवेक आर्य गोहाना तो आशीष वशिष्ठ रोहतक के एस.डी.एम. नियुक्त किए गए हैं।
सोमवार को आशीष वशिष्ठ के सम्मान में पहले तहसील कार्यालय और बाद में बार रूम में विदाई समारोह हुए। तहसील कार्यालय के समारोह में नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार और अशोक कुमार, ए. एस. आर. आत्म प्रकाश, विभिन्न पटवारी, कानूनगो तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
बार रूम में हुए सम्मान समारोह में एस. डी. जे. एम. खुशबू गोयल और जे. एम.आई.सी. संजय सिंह भी पहुंचे। बार एसोसिएशन के दो पूर्व अध्यक्षों-राम लाल सिंगला और वेद प्रकाश शर्मा सहित विभिन्न अधिवक्ताओं ने पूर्व एस.डी.एम. के कार्यकाल के संस्मरणों को साझा किया।
जे. एल. एन. स्कूल में भी आशीष वशिष्ठ का विदाई समारोह हुआ। अध्यक्षता श्याम लाल वशिष्ठ और राम कौशिक ने की। संयोजन स्कूल के एम. डी. सुनील शर्मा और प्रिंसिपल डॉ. सचिन शर्मा का रहा।



