लांस नायक घर से निकला, पर फौज की ड्यूटी पर नहीं पहुंचा ; भाई की शिकायत पर केस दर्ज
गोहाना :-4 फरवरी: सेना में लांस नायक गांव खेड़ी दमकन का राहुल ड्यूटी पर जाने के लिए लगभग दो सप्ताह पहले घर से निकला था। वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और लापता हो गया। परिवार ने उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसके भाई की शिकायत पर सदर थाना गोहाना में मामला दर्ज किया गया।
गांव खेड़ी दमकन के दीपक ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राहुल सेना में लांस नायक है। उसकी पोस्टिंग हिमाचल प्रदेश में है। वह बीते दिनों छुट्टी पर घर आया था। छुट्टी बिताने के बाद वह 22 जनवरी को शाम लगभग पांच बजे ड्यूटी पर हिमाचल प्रदेश में पालमपुर जाने के लिए घर से निकला था। वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।
इस बारे में परिवार को पता लगने पर उसकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस पर परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। राहुल जब घर से निकला तो उसने नीली जींस व कमीज और काला कोट पहन रखा था। वह 23 वर्ष का है और अविवाहित है।



