गोहाना के गीता विद्या मन्दिर में शिशु वाटिका का 4 दिन का प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ
विद्या भारती द्वारा संचालित 28 स्कूलों की 85 शिक्षिकाएं प्रतिभागी
गोहाना :-1 फरवरी : शहर में गुढ़ा रोड पर स्थित गीता विद्या मंदिर में गुरुवार को शिशु वाटिका का प्रदेश स्तर का 4 दिन का प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ हो गया।
इस प्रशिक्षण वर्ग में विद्या भारती की हरियाणा इकाई द्वारा प्रदेश में संचालित 28 स्कूलों की 85 शिक्षिकाएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षु शिक्षिकाओं को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति : 2020 के अंतर्गत शिशु कक्षाओं की नई शिक्षा-दीक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
शिशु वाटिका के प्रदेश स्तर प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास शिक्षा समिति के महामंत्री चेतराम पहुंचे। उनके संग हरियाणा शैक्षिक प्रमुख शेष पाल पहुंचे।
उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के प्रमुख दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। अध्यक्षता स्कूल के अध्यक्ष परमानंद लोहिया ने की। लोहिया और स्कूल के मैनेजर सुरेंद्र गर्ग ने अतिथि वृंद को स्मृति चिह्न और श्रीफल के साथ उत्तरीय भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि चेतराम ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ा जाएगा जिसके साथ उनको अनुशासित कर उनकी सोच को रचनात्मक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति वर्तमान शैक्षणिक ढांचे में आमूल-चूल परिवर्तन करेगी।
उद्घाटन सत्र को संयोजन प्रिंसिपल अश्विनी कुमार ने किया। प्रशिक्षण वर्ग का संयोजन हरियाणा प्रांत प्रमुख सुनीता वर्मा कर रही हैं जो गीता विद्या मंदिर की ही शिक्षिका हैं। उनके साथ संयुक्त संयोजन प्रदेश सह प्रमुख कविता कर रही हैं।
शिश वाटिका के प्रदेश स्तर के प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ पर्व में विद्यालय की प्रबंध समिति की पूरी टीम और सब शिक्षक मौजूद रहे।


