Breaking NewsEducationएसजीटीयूगुरुग्राम

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सामूहिक जिम्मेदारी: स्मृति ईरानी

एसजीटी यूनिवर्सिटी में ‘सिनर्जी टेकफेस्ट-2026’ का भव्य शुभारंभ, तीन दिवसीय आयोजन में शोध, विचारों और नवाचारों का दिखेगा व्यापक स्वरूप

गुरुग्राम,(अनिल जिंदल)18 नवंबर। एसजीटी यूनिवर्सिटी में बुधवार को तीन दिवसीय ‘सिनर्जी टेकफेस्ट-2026’ (स्टूडेंट एडिशन) का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं मुख्य अतिथि स्मृति ईरानी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान, तकनीकी कौशल और नवाचारों के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू विशिष्ट अतिथि तथा हरियाणा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह, आईएएस विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की गरिमा पद्मभूषण एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति राम बहादुर राय, चेयरपर्सन मधुप्रीत कौर चावला, मैनेजिंग ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला, कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार कौल, प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) बी.जे. राव, प्रो-वाइस चांसलर एवं सिनर्जी के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) अतुल नासा ने बढ़ाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की गवर्निंग बॉडी के सदस्य डॉ. राज कुमार भाटिया और अमृत सिंह चावला सहित अन्य विश्वविद्यालय अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद सभी अतिथियों ने सिनर्जी प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए शोध प्रोजेक्ट, तकनीकी नवाचारों तथा विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन किया।

उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के बाद विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और आमंत्रित अतिथियों ने अपने विचार रखे।

कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार कौल ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद विशिष्ट अतिथि डॉ. राज नेहरू और विशेष अतिथि अपूर्व कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

मुख्य अतिथि स्मृति ईरानी ने तकनीक, शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें विभिन्न विषयों के बीच समन्वयपूर्ण अध्ययन, तार्किक चिंतन और नवाचारी सोच को प्रोत्साहित करना चाहिए। ऐसे प्रयासों से ही युवा देश के विकास में सार्थक योगदान देने में सक्षम बनेंगे। समारोह के अंत में प्रो. (डॉ.) अतुल नासा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इसके बाद राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।

तकनीक, स्वास्थ्य, समाज और सतत विकास पर केंद्रित आयोजन ‘नेक्स्ट-जेन इनोवेशन: टेक्नोलॉजी, हेल्थ, सोसाइटी एंड सस्टेनेबिलिटी’ थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय टेकफेस्ट विद्यार्थियों को अपने शोध, विचारों और नवाचारों को प्रस्तुत करने का व्यापक मंच प्रदान करेगा।

प्रदर्शनी में उभरती तकनीकों, स्वास्थ्य सेवाओं, सतत विकास, सामाजिक नवाचार और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए हैं। टेकफेस्ट के प्रमुख आकर्षणों में ड्रोन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, मीडिया शोकेस, सोशल इनोवेशन प्रतियोगिताएं और तारामंडल का विशेष प्रदर्शन शामिल हैं।

वहीं, ‘एसजीटी हाट’ ने आयोजन को उद्यमिता का नया आयाम दिया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों को विभिन्न स्टॉल लगाकर अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और उनकी बिक्री करने का अवसर मिल रहा है।

आयोजन के पहले दिन विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों और आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उद्घाटन समारोह ने अगले दो दिनों के आयोजनों के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया।

टेकफेस्ट का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को रचनात्मकता, शोध, आपसी सहयोग और नवाचार के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button