गोहाना में हरियाणा रोडवेज की बस से टकराई कार, एयर बैग खुलने से बाल-बाल बचे कार में सवार दो व्यक्ति
गोहाना :-8 जनवरी रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित शहर के बाईपास के निकट हरियाणा रोडवेज की बस से कार टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन एयरबैग खुलने से कार में सवार दो व्यक्ति बाल-बाल बच गए। बस लगभग आधा घंटे तक मौके पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य पर पहुंचने में देर हुई।
रविवार को हरियाणा रोडवेज की बस चंडीगढ़ से रोहतक जा रही थी। रात लगभग नौ बजे बस पानीपत-रोहतक हाईवे के गोहाना बाईपास के पास पहुंची। बाईपास से बस गोहाना शहर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान बस के पिछले हिस्से में तेज रफ्तार कार टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने से कार में सवार दो व्यक्ति बाल-बाल बच गए। बताया गया है कि कार में सवार व्यक्ति गन्नौर की तरफ के थे।
हादसे के बाद चालक ने बस को मौके पर रोक दिया। बस में सवार यात्रियों और राहगीरों ने कार में सवार व्यक्तियों को संभाला। बस लगभग आधा घंटा तक मौके पर खड़ी रही। बाद में उसे रवाना किया गया।
दूसरी तरफ इसी हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर गांव सैनीपुरा के पास पलट गई। इस हादसे में भी कार में सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गए।



