लगातार दूसरे साल गोहाना हरियाणा का सर्वाधिक स्वच्छ शहर घोषित, 11 जनवरी को नई दिल्ली में राष्ट्रपति प्रदान करेंगी स्वच्छता अवार्ड
गोहाना :-6 जनवरी : भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में गोहाना को हरियाणा की सभी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में सर्वाधिक स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में 11 जनवरी को नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी को यह अवार्ड महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण सितंबर-अक्तूबर 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश में एक साथ संचालित हुआ। इस सर्वेक्षण में स्वच्छता का आकलन करने के लिए विभिन्न मापदंड निश्चित किए गए थे। उन्हीं के आधार पर दो श्रेणियों में चयन होना था। एक श्रेणी नगर निगमों की थी। इस श्रेणी में रोहतक का चयन हुआ। दसरी श्रेणी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं की रहीं। इस श्रेणी में गोहाना को स्वच्छता अवार्ड के लिए सलेक्ट किया गया है।
यह लगातार दूसरा साल है जब केंद्र सरकार ने 2023 के लिए गोहाना को प्रदेश की नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में सर्वाधिक स्वच्छ शहर घोषित किया है। समान अवार्ड 2022 में गोहाना नगर परिषद को प्राप्त हो चुका है। इससे पहले 2021 में गोहाना दूसरे स्थान पर रहा था। तब प्रथम स्थान पर चरखी दादरी को घोषित किया गया था।
गोहाना नगर परिषद को स्वच्छता अवार्ड से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म अलंकृत करेंगी। यह अलंकरण 11 जनवरी को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में होगा। इस अलंकरण के लिए सोनीपत नगर निगम के निगमायुक्त विश्राम मीणा भी जाएंगे।
गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी के साथ 23 नगर पार्षदों में से वार्ड 15 की नगर पार्षद अंजू पार्षद जाएंगी। साथ में सर्वश्रेष्ठ दस सफाई कर्मचारी भी जाएंगे। पूरी टीम को ले जाने के लिए नगर परिषद की ई.ओ. निशा शर्मा नोडल अधिकारी होंगी।
हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ साफ शहर गोहाना यूं ही नहीं बना। इस की पृष्ठभूमि में जहां नगर परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों-सफाई कर्मचारियों की विशिष्ट भूमिका है, वहीं जन सहयोग की भूमिका को भी कम कर के नहीं आंका नहीं जा सकता। नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी खुले मन से मानती हैं कि गोहाना की जनता ने सहयोग का हाथ आगे बढ़ाया, तभी नगर परिषद शहर को सफाई के सबसे ऊंचे पायदान पर पहुंचा पाई।
गोहाना संभवत: प्रदेश का एकमात्र ऐसा शहर है जहां ओपन नालियां अब नहीं हैं। गलियों में नालियों और सड़कों पर नालों को बंद कर उनकी जगह भूमिगत पाइप दबाए जा चुके हैं। इससे रास्ते चौड़े तो हुए ही हैं, गंदगी से निजात मिलने से जनता को अच्छी सेहत की सौगात भी हासिल हुई है।
प्रतिदिन हर घर से कूड़ा-कर्कट एकत्र करवाना नगर परिषद की एक बड़ी मुहिम है। आवासीय इलाकों के साथ व्यावसायिक क्षेत्र एकदम चमकते-दमकते रहें, इस के लिए बाजारों में नाइट शिफ्ट में रात के 8 बजे से तड़के दो बजे तक प्रतिदिन सफाई होती है।
मौसम चाहे बारिश को हो या कड़ाके की ठंड का, सफाई व्यवस्था को ले कर किसी भी स्तर पर कोई ढ़ील नहीं बरती जाती। संडे हो मंडे, नगर परिषद दैनिक सफाई को लेकर पूरी तरह से सजग और सचेष्ट रहती है।
नगर परिषद की ई. ओ. निशा शर्मा बताती हैं कि चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने एक मुहिम अपनी निगरानी में चलवाई। यह मुहिम थी 23 के 23 वार्डों में खाली पड़े प्लाटों को पूरी तरह से साफ करवाने की। इस के लिए सैनेट्री इंस्पेक्टर दुर्गा देवी के साथ स्वयं चेयरपर्सन रोजाना जाती रहीं तथा सफाई कर्मचारियों से बारी-बारी से हर इलाके के खाली पड़े प्लाटों को साफ करवाती रहीं। खाली प्लाट किस का है, किस का नहीं, यह तक नहीं पूछा गया। हर प्लाट को पूरी तरह से साफ करवाया गया।
सैनेट्री इंस्पेक्टर दुर्गा देवी के अनुसार दूसरे शहरों की तरह से गोहाना में भी उतने सफाई कर्मचारी नहीं हैं जितने चाहिएं। इस के बावजूद नगर परिषद और सफाई कर्मचारियों की प्रबल इच्छा शक्ति भारी पड़ रही है। कोई कर्मचारी पक्का है या कच्चा, वह पूरी निष्ठा से सफाई का कार्य कर रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी जब अलंकरण ग्रहण करने के लिए जाएंगी, उनके साथ सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले दस सफाई कर्मचारियों की टोली भी जाएगी।
11 जनवरी को नई दिल्ली में राष्ट्रपति प्रदान करेंगी स्वच्छता अवार्ड
हरियाणा की नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में गोहाना को सर्वाधिक स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इस के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 जनवरी को सम्मानित करेंगी। यह सम्मान गोहाना की सकल जनता का होगा। जनता ने सहयोग दिया, तभी गोहाना निरंतर दूसरे वर्ष अपने प्रथम स्थान को बरकरार रख सका है। स्वच्छता अवार्ड का श्रेय है नगर परिषद के समर्पित सफाई कर्मचारियों को जिन्होंने गोहाना को चमकाने में दिन-रात एक कर रखा है।
रजनी इंद्रजीत विरमानी, चेयरपर्सन, गोहाना नगर परिषद


