सोनीपत के महावीर गहलावत बने लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन के नए प्रदेश अध्यक्ष
गोहाना :-24 दिसम्बर : लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन (लवा) के नए प्रदेश अध्यक्ष सोनीपत के लेक्चरर महावीर गहलावत होंगे। उनका चुनाव रविवार को हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हुआ। महावीर गहलावत के निर्वाचन की घोषणा लवा के चेयरमैन अनिल अहलावत ने की।
हरियाणा लवा का नेतृत्व अब तक डॉ. रवींद्र डिकाडला कर रहे थे। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ जिला अध्यक्ष भी पहुंचे। सबसे पहले डॉ. डिकाडला ने अपने कार्यकाल का पूरा लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। चुनाव बैठक का संयोजन राजेश मलिक ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव तीन साल के बाद होता है। नए चुनाव में सोनीपत के महावीर गहलावत को सर्वसम्मति से नया प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। गहलावत ने उन्हें सेवा का मौका दिए जाने के लिए लवा की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह लवा की मांगों को जल्दी से जल्दी पूरा करवाने की कोशिश करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के नए चुनाव में विभिन्न जिलों से सुरेश सैनी, श्रीकृष्ण, समुद्र मोर, रवींद्र कुमार, मनोज कुमार, डॉ. शमशेर मलिक, अनिल कुमार, राजेंद्र कुमार, मनोज गौतम, उर्मिल डागर, शीश प्रकाश, संजय गाहल्याण आदि पहुंचे।



