तबादले करो या समायोजन करो, पर करो जरूर : निर्माण
गोहाना:-16 दिसम्बर : हरियाणा शिक्षक तबादला करवाओ संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण निर्माण ने शनिवार को मांग की कि तबादले करो या समायोजन करो, पर करो तो जरूर । तथ्यों से अवगत करवाने के लिए सी. एम. और शिक्षा मंत्री से मुलाकात का समय मांगा। कृष्ण निर्माण पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ट्रांसफरों के पोर्टल को अब खोल दिया जाए। अब पोर्टल को खोला जाएगा, तभी नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में तबादले संभव हो पाएंगे। उनके अनुसार यदि अपरिहार्य कारणों से ट्रांसफर ड्राइव नहीं चलाया जा सकता, तब भी अस्थायी स्टेशनों पर बैठे शिक्षकों के लिए
विशेष ट्रांसफर ड्राइव अवश्य संचालित किया जाना चाहिए। हरियाणा शिक्षक तबादला करवाओ संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि अस्थायी स्टेशन वाले शिक्षकों के लिए ट्रांसफर ड्राइव में भी दिक्कत है तो जो शिक्षक दूर-दराज क्षेत्रों में बैठे हैं, उनके अपने गृह जिलों में उनके पद खाली पड़े हैं, तो उन्हीं रिक्त पदों पर ही उन का समायोजन कर दिया जाए।
कृष्ण निर्माण ने आगे कहा कि अगर यह भी मुमकिन न हो तो जो शिक्षक एनीव्हेयर प्रोविजन में भेजे गए हैं, उनके लिए ट्रांसफर ड्राइव अवश्य चलाया जाए। उनके अनुसार अगर यह भी नहीं किया जा सकता तो जिस प्रकार से संस्कृत पी.जी.टी. के सैंकड़ों शिक्षकों का समायोजन किया गया है, शेष शिक्षकों का भी किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार ने शिक्षकों की तबादले की मांग को और अनदेखा किया, वे आंदोलन की राह पकड़ने के लिए मजबूर हो जाएंगे।



