अयोध्या उत्सव के लिए गोहाना के योगेश्वर दत्त को भी किया गया आमंत्रित
गोहाना :-11 दिसम्बर : 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्रीराम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के विराट उत्सव के लिए जिन गिनती की विभूतियों को देशभर से आमंत्रित किया गया है, उनमें से एक गोहाना के ओलिम्पियन पहलवान योगेश्वर दत्त भी हैं।
योगेश्वर दत्त इस समय दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जहां वह भाजपा के खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं, वहीं वह आर.एस.एस. के खेल संगठन क्रीड़ा भारती का भी सक्षम नेतृत्व कर रहे हैं। योगेश्वर दत्त गोहाना के भैंसवाल कलां गांव के हैं। उन्होंने 2010 के कॉमनवेल्थ और एशियाड खेलों में अपने सब प्रतिद्वंद्वियों को चित्त कर दिया था तथा दोनों अंतर्राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया था। 2012 में लंदन में हुए ओलिम्पिक खेलों में योगेश्वर दत्त ने कांस्य पदक अर्जित किया था। इस समय योगेश्वर दत्त गोहाना के बलि ब्राह्मणान गांव में अपनी कुश्ती अकादमी में देश के भावी विजेता पहलवान तैयार कर रहे हैं।
योगेश्वर दत्त को बरोदा हलके के पिछले दोनों विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़वा चुकी है। योगेश्वर दत्त पहले 2019 में हुए सामान्य उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए गए। उसके बाद 2020 में हुए इसी हलके के उप चुनाव में पार्टी से दोबारा से योगेश्वर दत्त पर ही दांव लगाया।
योगेश्वर दत्त ने विशेष रूप से पी. एम. नरेंद्र मोदी और सी.एम. मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया कि उन्हें अगले महीने के विलक्षण अवसर का साक्षी बनने का मौका दिया जा रहा है।

