गोहाना के शुगर मील में पिराई शुरु होने में देरी से नाराज किसान पहुंचे मिल पर ताला जड़ने
एम.डी. के आश्वासन पर शांत हुए प्रदर्शनकारी भाकियू कार्यकर्ता

गोहाना :- 5 दिसम्बर : भारतीय किसान यूनियन चढूनी के कार्यकर्ता और किसान मंगलवार को गांव आहुलाना स्थित चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में प्रदर्शन करने पहुँचे। नए सीजन उद्घाटन के 5 दिन बाद भी पिराई शुरु नहीं हो पाई। किसानों को पर्चियां भी जारी नहीं हो रही थीं। इस पर किसानों ने मिल पर ताला जड़ने की धमकी दी।
मिल प्रशासन द्वारा गन्ना पिराई शुरू करवाने के लिए मिल की फैक्ट्री के बायलर में अग्नि जला दी है, जिससे अब पिराई शुरू हो जाएगी। किसानों ने मांग की कि अब तक किसान जितना गन्ना मिल में पहुंचा चुके हैं, उसके सूखने पर कटौती न की जाए। इसके साथ में किसानों ने रास्तों को ठीक करवाने की मांग की। मिल के एम. डी. आशीष वशिष्ठ ने किसानों को उनकी मांग पूरी करवाने का आश्वासन दिया, जिस पर किसान शांत होकर लौट गए।
चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में पांच दिन से गन्ने की पिराई शुरू नहीं हो पाई थी। मिल प्रशासन द्वारा किसानों को गन्ना लेकर आने के लिए पर्चियां जारी नहीं की जा रही थी। इस पर भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने मंगलवार को मिल में पहुंचकर ताला लगाने और प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।
सुबह साढ़े 10 बजे यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक लठवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल, गोहाना इकाई के अध्यक्ष संदीप मलिक, कथूरा खंड के अध्यक्ष कृष्ण मलिक और कई किसान मिल में प्रदर्शन करने के लिए पहुंच गए।
किसानों ने कहा कि मिल प्रशासन गन्ना लाने के लिए पर्चियां जारी नहीं कर रहा है जबकि उन पर ही गन्ना न लेकर पहुंचाने का दोषारोपण किया जा रहा है। किसानों के बीच में मिल के एम.डी. और गोहाना के एस.डी.एम. आशीष वशिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे और स्थिति स्पष्ट की।
अधिकारियों ने कहा कि बॉयलर में अग्नि जला दी गई है और जल्द गन्ना पिराई शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ मिल प्रशासन द्वारा मंगलवार को 15 हजार क्विंटल गन्ने की पर्चियां जारी कर दी। किसानों ने अन्य मांगें भी रखे जिस पर एस.डी.एम. ने उनको पूरा करवाने का आश्वासन दिया।



