वीरेंद्र सिंह आर्य तीसरी बार लड़ेंगे गोहाना के बार के अध्यक्ष पद का चुनाव

गोहाना :-4 दिसम्बर : पिछले दोनों चुनावों में अध्यक्ष निर्वाचित वीरेंद्र सिंह आर्य इस बार लगातार तीसरी बार गोहाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। इस के लिए उन्होंने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। 15 दिसंबर को होने वाले वार्षिक चुनाव के लिए दो दिन की नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव आर. ओ. इंद्र सिंह भनवाला, ए. आर. ओ. रवींद्र शर्मा और संदीप सैनी की टीम को करवाना है। चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरी इंचार्ज के 6 पदों के लिए होना है। इनमें से सह सचिव का पद महिला अधिवक्ताओं के लिए रिजर्व है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन तीन पदों के लिए एक-एक नामांकन भरे गए। अध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र सिंह आर्य, उपाध्यक्ष पद के लिए शुभम जैन और महासचिव पद के लिए हेमंत शर्मा ने नामांकन दाखिल किए। जहां शुभम जैन और हेमंत शर्मा ने प्रथम बार नामांकन भरे, वहीं वीरेंद्र सिंह आर्य का यह तीसरा चुनाव है। वीरेंद्र सिंह आर्य पहले 2021 और उसके बाद 2022 में अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं।
मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया का दसरा और अंतिम दिन होगा। नामांकन पत्रों की जांच 6 दिसंबर को दोपहर बाद एक बजे होगी। नामांकनों की वापसी 7 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक हो सकेगी। उसके बाद आवश्यकता होने पर मतदान 15 दिसंबर को सुबह 10 से शाम के 4 बजे तक होगा। उसके फौरन बाद वोटों की गिनती करवा कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।