गोहाना के जींद रोड की खाद एवं बीज विक्रेता की दुकान से लिया गया सरसों के बीज का सैंपल फेल होने पर नोटिस भेजा
गोहाना :- जींद रोड स्थित खाद एवं बीज विक्रेता की दुकान से लिया गया बीज का सैंपल फेल हो गया। इस पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने विक्रेता को नोटिस भेजा है। नोटिस अवधि के दौरान अधिकारी दोबारा से बीज का सैंपल लेंगे। दूसरी बार भी सैंपल फेल होने पर विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
विभाग छापेमारी के दौरान प्रत्येक सीजन में खाद, बीज एवं दवा के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे जाते हैं। लैब की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही खाद बीज एवं दवा की गुणवत्ता तय होती है। कृषि विभाग से एसडीओ राजेंद्र मेहरा ने अक्टूबर में जींद रोड पर विभिन्न दुकानों से बीज के सैंपल भरे थे। सैंपल को जांच के लिए पंचकूला लैब में भेजा गया था। लैब से जांच में एक दुकान से लिया गया सरसों के बीज का सैंपल फेल हो गया। सैंपल फेल होने पर अधिकारियों ने दवा विक्रेता को सूचित किया। अधिकारी विक्रेता की दुकान से दोबारा से सैंपल लेंगे। दूसरी बार भी सैंपल मानकों पर खरा नहीं होने पर विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के लिए भेजे हैं 15 सैंपल कृषि विभाग के अधिकारियों ने अक्टूबर में गेहूं, सरसों, बरसीम और जौ के बीज के 15 सैंपल लिए थे। अधिकारियों के अनुसार गेहूं के 9, सरसों के चार, बरसीम और जौ का एक-एक सैंपल लिया गया था। अधिकारियों को इनमें से एक बीज की सैंपल रिपोर्ट मिल चुकी है।



