गोहाना बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम हुआ जारी, 10 साल की प्रैक्टिस वाले सीनियर एडवोकेट ही लड़ सकेंगे अध्यक्ष का चुनाव
गोहाना :-1 दिसम्बर : गोहाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का चुनाव केवल वे सीनियर एडवोकेट लड़ सकेंगे जिनकी प्रैक्टिस 10 साल अथवा इससे अधिक की होगी। यह खुलासा शुक्रवार को इस बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए आर.ओ. नियुक्त इंद्र सिंह भनवाला ने किया। वह ए. आर. ओ. रवींद्र शर्मा के साथ वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर रहे थे। इस कार्यक्रम के अनुसार मतदान 15 दिसंबर को करवाया जाएगा।
आर.ओ. इंद्र सिंह भनवाला के साथ दो ए. आर. ओ. – रवींद्र शर्मा और संदीप सैनी बनाए गए हैं। बार रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में आर.ओ. इंद्र सिंह भनवाला ने बताया कि बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरी इंचार्ज के पदों के लिए होगा। इन छह पदों में सह-सचिव का पद महिला वकीलों के लिए रिजर्व होगा।
आर.ओ. इंद्र सिंह भनवाला ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 4 और 5 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। नामांकनों की स्क्रूटनी 6 दिसंबर को दोपहर बाद एक बजे होगी। नामांकन पत्रों की वापसी 7 दिसंबर को सुबह 11 बजे से 4 बजे के बीच हो सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर मतदान 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 4 बजे तक होगी। 4 बजे वोटों की गिनती करवा कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
भनवाला ने साफ किया कि छहों पदों के लिए वकालत के अनुभव के वर्षों की संख्या की शर्त है। अध्यक्ष पद के लिए जहां प्रैक्टिस न्यूनतम 10 वर्ष की होनी चाहिए, वहीं उपाध्यक्ष और महासचिव के पदों के लिए यह शर्त 5 वर्ष तथा शेष पदों के लिए 3 वर्ष की है। इस तरह से 3 साल से कम अनुभव के वकील कोई चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।
आर.ओ. ने आगे बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए सिक्योरिटी राशि 5 हजार रुपए, महासचिव के पद के लिए 3 हजार रुपए, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरी इंचार्ज के पदों के लिए 2 हजार रुपए होगी। कोई भी प्रत्याशी भले ही वह चुनाव जीते या हारे, चुनाव के बाद सिक्योरिटी की पूरी रकम उसे रिफंड कर दी जाएगी।



