इलाज का खर्च देने का वादा करने और फिर.देने से किया इंकार तो दर्ज करवा दिया केस
गोहाना :-29 नवम्बर : चार दिन पहले एक सड़क हादसे के आरोपी के खिलाफ अब केस दर्ज हुआ है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने हादसे में घायल उस का और उसकी पत्नी के इलाज का खर्च देने का वादा किया था, पर अब इंकार कर दिया है। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया।
कृष्ण कुमार पुत्र चंद्रभान मोई हुड्डा गांव का रहने वाला है। वह गोहाना के गवर्नमेंट कॉलेज में माली के पद पर कार्यरत है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह 25. नवंबर को स्कूटी पर अपनी पत्नी लोकेश के साथ गोहाना से मोई हुड्डा गाँव जा रहा था। जब वह रोहतक रोड पर रेलवे फ्लाईओवर के निकट पहुंचा, सामने से गलत साइड से आई एक कार ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सड़क पर गिर गई तथा युगल को गंभीर चोटें आई।
कृष्ण कुमार का कहना है कि कार को आहुलाना गांव का सुनील पुत्र राज कुमार चला रहा था। उससे कार रोक कर कहा कि मैं आप दोनों के इलाज का पूरा खर्च दे दूंगा। आप कानूनी कार्रवाई न करना। पीड़ित के अनुसार इस आश्वासन पर एम.एल. आर. नहीं कटवाई गई। लेकिन अब आरोपी ने खर्च देने से साफ मना कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी।



