यू.पी.एस.सी. परीक्षा में ऑल इंडिया 50वीं रैंक वाले अजय पूनिया का भव्य अभिनन्दन

गोहाना :-26 नवम्बर : नवचयनित आई. ए. एस. अधिकारी अजय पूनिया का रविवार को उनके पैतृक गांव बिचपड़ी में भव्य अभिनंदन किया गया। बिचपड़ी गांव की मेजबानी में हुए सम्मान समारोह में इसी गांव के दामाद और प्रदेश के पूर्व डी.जी.पी. डॉ. महेंद्र सिंह मलिक, पूनिया खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमशेर सिंह नंबरदार भी पहुंचे।
अजय पूनिया की यू. पी. एस. सी. की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 50वीं रही है यू.पी.एस.सी. ने जब मई 2023 में वर्ष 2022 सत्र की परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, तब कुछ पदों को होल्ड पर रख लिया गया था। उन्हीं रिजर्व पदों का परिणाम इसी माह की पहली तारीख को सार्वजनिक किया गया। अजय पूनिया थर्ड अटेम्प्ट में सिविल सर्विस एग्जाम को क्रैक करने में सफल रहे। जल्दी ही उन्हें सर्विस अलोकेशन हो जाएगा। उसके बाद दिसंबर में उनकी ट्रेनिंग प्रारंभ हो जाएगी।
अजय पूनिया के बिचपड़ी गांव द्वारा आयोजित अभिनन्दन समारोह की संयुक्त अध्यक्षता सुशीला कुमारी और राजेश देवी ने की। राजेश देवी बिचपड़ी की सरपंच हैं तो इसी गांव की सुशीला देवी मुंडलाना पंचायत समिति की चेयरपर्सन हैं। इस कार्यक्रम में नवचयनित आई.ए.एस. अजय पूनिया अपने पापा जगदीश पूनिया, मां सरोज पूनिया और बड़े भाई अमित पूनिया सहित अन्य परिजनों संग पहुंचे। पूनिया परिवार वर्तमान में गोहाना में राम नगर कॉलोनी में रह रहा है।
अजय को सम्मानित करने के लिए हरियाणा के पूर्व डी. जी. पी. डॉ. महेंद्र सिंह मलिक अपनी पत्नी और इसी गांव की बेटी कृष्णा मलिक के साथ पहुंचे। कृष्णा मलिक सोनीपत संसदीय सीट से वर्ष 2004 में लोकदल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुकी हैं। अजय पूनिया को सम्मानित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि बिचपड़ी गांव पढ़े-लिखों का गांव है। इस गांव ने देश और प्रदेश को अनेक आला अधिकारी दिए हैं। उन्होंने अजय के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
पूनिया खाप की टीम इस खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमशेर सिंह नंबरदार के नेतृत्व में पहुंची। टीम में कैथल से सुभाष पूनिया, करनाल से राम निवास पूनिया, भिवानी से हरेंद्र पूनिया, हिसार से जीतेंद्र छातर, महिपाल शास्त्री आदि भी पधारे। करनाल में नियुक्त आई.पी.एस. अधिकारी ध्यान सिंह पूनिया, प्रदूषण विभाग के एक्स.ई.एन. वीरेंद्र सिंह पूनिया तथा रिटायर्ड डी.एफ.ओ. जयपाल पूनिया ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम में दीनबंधु चौ. छोटूराम स्मारक समिति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा समिति और राम नगर कॉलोनी समिति समेत विभिन्न संगठनों ने भी अजय पूनिया को सम्मानित किया।



