गोहाना में भाकियू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के घर में लगी आग
गोहाना :- 24 नवम्बर : शहर में बरोदा रोड पर् नागरिक अस्पताल के निकट स्थित एक भवन में शुक्रवार तड़के आग लग गई। यह आग घर की छत पर बने शेड में लगी जिससे वहां रखा फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान जल कर राख हो गया । यह आग जिस घर में लगी, वह घर स्व. हरि सिंह खोखर का है जो भारतीय किसान यूनियन की हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष थे। आग की सूचना मिलने पर गोहाना हलके के विधायक जगबीर सिंह मलिक भी मौके पर पहुंचे।
स्व. हरि सिंह खोखर का मकान मेन बरोदा रोड पर है। उत्तम नगर की फोन एक्सचेंज वाली गली में पिछवाड़ा लगता है । उसी साइड में छत पर कंक्रीट का शेड बना हुआ है। इस शेड के नीचे सोफा, बेड, बिस्तर, टी.वी., कूलर, फ्रिज समेत घर-गृहस्थी का दूसरा सामान रखा हुआ था। भाकियू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के बड़े बेटे-बहू बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी गीता खोखर और छोटा बेटा थे। गनीमत रही कि नीचे पहुंचने से पहले आग को नियंत्रित कर लिया गया अन्यथा भारी नुकसान हो जाता ।
गीता खोखर के अनुसार जिस समय आग लगी, उस समय वह और उनका बेटा सो रहे थे। पड़ोसियों ने शेड के अंदर से धुआं निकलते हुए देखा तो सूचित किया। इस पर फायर ब्रिगेड की दोनों गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गई। परिजन आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी बता रहे हैं।
गोहाना सिटी थाने से पुलिस और विधायक जगबीर सिंह मलिक भी मौके पर पहुंचे। मलिक ने सरकार से पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग भी की।


