राजकीय कॉलेज, बरोदा को स्थानांतरित करने के लिए अधिकारियों को 8 किमी के दायरे में नहीं मिला सुरक्षित भवन
गोहाना :-24नवंबर : राजकीय कॉलेज, बरोदा को स्थानांतरित करने के लिए अधिकारियों को 8 किमी के दायरे में सुरक्षित भवन नहीं मिला। कॉलेज प्रशासन ने अब बरोदा कॉलेज को बड़ौता कॉलेज में संचालित करने की मंजूरी के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है। विभाग की मंजूरी के बाद कॉलेज को अस्थाई तौर पर बड़ौता कॉलेज में चलाया जाएगा।
राजकीय कॉलेज, बरोदा गांव के सरकारी स्कूल में चल रहा है। दो शैक्षणिक सत्र पूरे होने के बाद भी कॉलेज को अपना भवन नहीं मिला है। स्कूल में कॉलेज के लिए जो कमरे मुहैया कराए गए हैं, वे भी खस्ताहाल हैं। बरसात के दौरान भवन की छत से मलबा गिरता रहता है, जिससे यह भवन कक्षाएं चलाने के लिए सुरक्षित नहीं है।
सुरक्षित भवन के लिए कॉलेज अधिकारियों ने उच्चतर शिक्षा विभाग को पत्र लिखा था। विभाग ने कॉलेज को 8 किमी के दायरे में स्थित शहर के राजकीय महिला कॉलेज में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं। महिला कॉलेज का भवन भी पीडब्ल्यूडी ने जर्जर घोषित कर दिया है। महिला कॉलेज के 40 कमरे जर्जर हैं। महिला कॉलेज प्रशासन ने भी बरोदा कॉलेज को देने के लिए जर्जर भवन में कमरे चयनित किए हैं। इस पर बरोदा कॉलेज प्रशासन ने अब बड़ौता कॉलेज में कक्षाएं शिफ्ट करने की मंजूरी मांगी है।
बरोदा गांव में दो पंचायतें हैं। कॉलेज के भवन के लिए आठ एकड़ जमीन की जरूरत है। गांव में एक पंचायत के पास एक स्थान पर आठ एकड़ जमीन नहीं है। ऐसे में गांव की दोनों पंचायतों ने कॉलेज के लिए जमीन देने को लेकर सहमति दी है। इस संबंध में पंचायतों ने कॉलेज को जमीन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राजकीय महिला कॉलेज का भवन भी जर्जर है। भवन सुरक्षित नहीं होने पर उच्चतर शिक्षा विभाग से कॉलेज को बड़ौता कॉलेज में संचालित करने की मंजूरी मांगी है। – पवन लठवाल, उप-प्राचार्य, राजकीय कॉलेज, बरोदा


