गोहाना के सेक्टर 7 में जाट भवन का निर्माण हो गया प्रारंभ
जुलाई के महीने में सी.एम. ने भूमि पूजन किया था
गोहाना :-15 नवम्बर: बुधवार को शहर के सेक्टर 7 में जाट भवन का निर्माण प्रारंभ हो गया। इस जाट भवन के निर्माण के लिए जुलाई माह में सी. एम. मनोहर लाल खट्टर ने भूमि पूजन किया था।
जाट भवन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई गई 1800 गज जमीन पर बनना है। गोहाना का जाट समाज लंबे समय से लालायित था कि गोहाना में भी जाट भवन निर्मित हो। इस भावना का सम्मान करते हुए सी. एम. मनोहर लाल खट्टर हशविप्रा की सेक्टर 7 स्थित जमीन उपलब्ध करवाने के लिए तैयार हो गए। भू-आवंटन के साथ जाट भवन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया।
बुधवार को जाट भवन का सेक्टर 7 में आवंटित भूमि पर निर्माण विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। सी.एम. द्वारा भूमि पूजन के बाद जाट महासभा जमीन पर अपने कार्यालय को पहले ही निर्माण करवा चुकी है। अब निर्माण की औपचारिक शुरुआत चारदीवारी बनाने से हुई है।
अध्यक्षता जाट महासभा के अध्यक्ष विनोद सहरावत ने की। मुख्य अतिथि ओम पब्लिक स्कूल की निदेशक निर्मल लाठर रहीं। वह गुरुग्राम स्थित एन.सी.ई.आर.टी. की पूर्व निदेशक हैं। उन्होंने अपने दिवंगत पति एडवोकेट ओम प्रकाश लाठर की स्मृति में जाट महासभा को जाट भवन के लिए 11 लाख रुपए का चेक भी दिया। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के रिटायर्ड अधिकारी दीवान सिंह मलिक ने भी 11 हजार रुपए दिए।
जाट महासभा के अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कहा कि गोहाना में जाट भवन इतना भव्य बनाया जाएगा जितना अब से पहले किसी अन्य स्थान पर नहीं बना होगा। इस अवसर पर बलजीत दांगी, संतराज मान, इंद्रजीत विरमानी,संजय दूहन, नरेंद्र नेहरा, जीतेंद्र मोर, राजबीर ठेकेदार, कर्ण सिंह लाठर, वीरेंद्र दूहन आदि भी मौजूद रहे।



