बरोदा थाने की पुलिस ने नष्ट की अवैध शराब की 790 बोतलें
गोहाना :-9 नवम्बर : गुरुवार को बरोदा थाने के परिसर में गड्ढा खोल कर उसमें अवैध शराब की 790 बोतलें तोड़ कर उन्हें दबा दिया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई मनोनीत कमेटी के समक्ष कोर्ट के आदेश पर की।
मनोनीत कमेटी में गोहाना के तहसीलदार विकास कुमार, ए.सी.पी.- प्रथम नरेंद्र खटाना, आबकारी निरीक्षक जयभगवान, बरोदा थाने के एस.एच.ओ. रमेश चंद्र,थाने के मालखाना इंचार्ज सुलतान सिंह थे। शराब को नष्ट करने की कार्रवाई के लिए निर्देश डी. सी. पी. भारती डबास ने दिया। आबकारी विभाग जो अवैध शराब जब्त करता है, पुलिस को थाने के मालखाने में तब तक संभाल कर रखनी पड़ती है जब तक अदालत में उनसे संबंधित केसों का निपटान नहीं हो
जाता। पुलिस ने ऐसे 9 मामलों में जब्त की गई शराब को नष्ट किया। जो बोतलें नष्ट की गई, उनमें देसी शराब की 657 बोतलें, अंग्रेजी शराब की 106 बोतलें और बीयर की 27 बोतलें थी। इस शराब को नष्ट करने के लिए बरोदा थाने के परिसर में मनोनीत कमेटी के सामने गड्ढा खोदा गया। उस गड्ढे में प्रत्येक बोतल को पहले तोड़ा गया और उसके बाद उसै गड्ढे में दबाया गया।
ए.सी.पी. प्रथम नरेंद्र खटाना ने कहा कि पुलिस लगातार अवैध शराब बरामद करती है। थानों में उसके रखरखाव की परेशानी भी पुलिस को ही झेलनी पड़ती है। शराब के लीक होने से उसकी बदबू से थाने में बीमारी फैल सकती है। शराब ज्वलनशील होती है जिसके चलते कोई भी बड़ा हादसा भी हो सकता है। खटाना ने बताया कि जिन आबकारी मामलों का कोर्ट में निपटान हो जाता है, कोर्ट के आदेश से उनमें जब्त शराब को मनोनीत कमेटी के सामने नष्ट कर दिया जाता है।
