हरियाणा दिवस पर गोहाना को 23 वॉ जिला घोषित न करने पर नाराज हुए वकील
गोहाना :-6 नवम्बर : हरियाणा दिवस पर गोहाना को प्रदेश का नया 23वां जिला घोषित न करने पर वकील भाजपा-जजपा के गठबंधन की सरकार से नाराज हो गए हैं। न्यायिक परिसर में सोमवार को वकीलों ने रोष व्यक्त किया कि गठबंधन के सहयोगी दोनों दल अपना-अपना चुनावी वायदा पूरा नहीं कर रहे हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व गोहाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हो या जजपा, बार-बार सार्वजनिक मंचों से दोहराते रहे हैं कि वे गोहाना को जिला जरूर बनाएंगे। इस बार तो माहौल भी ऐसा बना दिया गया था मानो हरियाणा दिवस पर गोहाना को जिला घोषित कर ही दिया जाएगा।
वेद प्रकाश शर्मा ने जोर दे कर कहा कि गोहाना का विकास तब तक नहीं होगा जब तक गोहाना को जिला नहीं बना दिया जाएगा। उन्होंने रोष व्यक्त किया कि गोहाना से बहुत छोटे स्थान कब के जिले बना दिए गए हैं, लेकिन गोहाना को अपनी इस वाजिब मांग के लिए भी तरसाया जा रहा है।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि भाजपा-जजपा गठबंधन को गोहाना को जिला न बनाना बड़ा महंगा पड़ेगा तथा इलाके की जनता अपनी मांग पूरी न करने का बदला अगले चुनाव में वोट की चोट से लेगी। उन्होंने मांग की कि गठबंधन 1 जनवरी 2024 से गोहाना को जिला बनाने का ऐलान करे।
इस अवसर पर इंद्र सिंह भनवाला, जय सिंह देशवाल, तकदीर सिंह, कृष्ण मलिक, आशीष शर्मा, संजय कल्सन, दीपक पूनिया, जोगेंद्र सिंह आदि भी उपस्थित रहे।



