वजीरपुरा में पेयजल किल्लत के खिलाफ लगे जाम को सख्ती से खुलवाया
गोहाना :- 5 नवम्बर : गांव वजीरपुरा में पेयजल किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को गांव में जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। जाम की सूचना मिलने पर शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जाम खुलवाया।
गांव वजीरपुरा के ग्रामीणों ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में पेयजल सप्लाई के लिए पहले एक ट्यूबवेल लगाया गया था। उस ट्यूबवेल का पानी खारा हो चुका है और पीने के लायक नहीं है। विभाग द्वारा बाद में शहर क्षेत्र से गांव में पेयजल सप्लाई के लिए कनेक्शन जोड़ा गया था। ग्रामीणों के अनुसार मोटर या लाइन में तकनीकी कमी आने के चलते गांव में तीन-चार दिन से पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों को पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। गांव की महिलाओं और ग्रामीणों को ट्यूबवेलों से पानी ढोना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत से परेशान गांव की महिलाएं एकत्रित होकर गांव के बस स्टैंड के पास पहुंची। लोहे के पोल को रोड के बीच में डालकर जाम लगा दिया। इसके बाद कई पुरुष और युवा भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष व्यक्त करते हुए पेयजल समस्या का समाधान करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने नियमित पेयजल सप्लाई देने को कहा। जाम की सूचना मिलने के बाद शहर थाना से सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जाम खुलवा दिया। सुबह के समय लगभग आधा घंटे तक यातायात बाधित रहा।
गांव वजीरपुरा में ट्यूबवेल का पानी खराब होने से शहर क्षेत्र से पेयजल सप्लाई दी जा रही है। ग्रामीणों ने शनिवार को इसकी शिकायत की थी। मोटर खराब मिली। मोटर को बदलवा दिया गया है और पेयजल सप्लाई चालू हो गई है। अगर किसी तरह की तकनीकी कमी आती है तब ग्रामीण पहले अधिकारियों को सूचित करें।
सर्वजीत दलाल, एस.डी.ओ., जनस्वास्थ्य विभाग



