गोहाना विधान सभा क्षेत्र के गांवों में हाई टेंशन तार लगाने में कानून की अवहेलना पर किसानों ने की पंचायत
गोहाना :-3 नवम्बर : किसान नेताओं ने गांव जाफ्राबाद भटाना, किलोहड़द और जूआं माहरा में किसानों के साथ पंचायत की। किसानों ने इन गांवों में हाई टेंशन लगाने के मामले में कानून की अवज्ञा पर मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी। किसानों ने कहा कि प्रशासन द्वारा किसानों को परेशान किया जा रहा है और अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। इस संबंध में गोहाना हलका के विधायक को ज्ञापन सौंपकर उनकी मांग को विधानसभा में उठाने को कहा।
किसान अधिकार संगठन से सत्येंद्र, रामप्रकाश लोहचब, राज सिंह दलाल, हरियाणा एस. के. एम. से किसान नेता शमशेर सिंह ने कहा कि उच्च विद्युत व्यावसायिक लाइन लगाने में कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। किसानों और पंचायतों को पहले कोई नोटिस नहीं दिए गए। फसल खराबे के मुआवजे की जानकारी नहीं दी गई। विरोध करने पर सरपंच को हिरासत में ले लिया गया।
शमशेर सिंह ने कहा कि नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मार्कीट रेट पर बिजली खंभों और लाइन कॉरिडोर में प्रस्तावित भूमि का किसानों को अवार्ड जारी किया जाए। फसल में घुसने से तीन माह पहले नोटिस जारी किया जाए। कुछ प्रदेशों में तो मुआवजा पालिसी तक लागू नहीं।
उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में किसानों का दमन करना शुरू कर दिया गया है। किसान जब अधिकारियों से सामने अपनी मांगें रखते हैं तो उनको हिरासत में ले लिया जाता है। गांव जाफराबाद भटाना के सरपंच के साथ ऐसा किया गया।
शमशेर सिंह ने कहा कि संगठन द्वारा जल्द हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत पांच राज्यों के किसानों की पंचायत बुलाई है। किसान बिना नोटिस के कंपनी के ठेकेदार और कर्मचारियों को अपने फसल में नहीं घुसने देंगे।



