गोहाना के गीता विद्या मंदिर स्कूल के खेद पत्र के साथ विवाद हुआ समाप्त
गोहाना :- 2 नवम्बर : शहर में गुढ़ा रोड पर स्थित गीता विद्या मंदिर के लिखित खेद पत्र के साथ विवाद समाप्त हो गया। यह विवाद 28 अक्तूबर को स्कूल में मनाए गए भगवान वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम की कुछ टिप्पणियों को ले कर उत्पन्न हुआ था। उन टिप्पणियों पर वाल्मीकि समाज को कड़ी आपत्ति थी। गुरुवार को भगवान वाल्मीकि त्रिकालदर्शी सोसायटी का प्रतिनिधिमंडल गीता विद्या मंदिर में पहुंचा।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इस सोसायटी के अध्यक्ष दीपक आदित्य कर रहे थे। प्रतिनिधिमंडल के प्रवीण वैद्य के साथ सचिन बिडलान भी थे। वह बली सेना भारत की सोनीपत जिला इकाई के जिला अध्यक्ष हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रिंसिपल अश्विनी कुमार से मुलाकात की। इस भेंट में वाल्मीकि प्रतिनिधियों ने ऐसी कुछ जानकारियों पर तीखा एतराज किया जो गीता विद्या मंदिर में हुए भगवान वाल्मीकि जयंती समारोह में मंच से बच्चों को दी गँई थीं। अध्यक्ष दीपक आदित्य ने कहा कि गलत सूचनाओं बच्चों को दिग्भ्रमित करना अनैतिक है।
इस पर प्रिंसिपल अश्विनी कुमार ने स्पष्ट किया कि भगवान वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में बच्चों को जो जानकारियां दी गईं, उन्हें गूगल से कलेक्ट किया गया था। प्रिंसिपल ने कहा कि गीता विद्या मंदिर का ऐसा कोई मन्तव्य नहीं था कि वाल्मीकि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचे।
गीता विद्या मंदिर की ओर से प्रिंसिपल अश्विनी कुमार ने वाल्मीकि प्रतिनिधियों को लिखित खेद पत्र दे दिया जिसके साथ वे संतुष्ट हो गए।



