नए वर्ष.में होगा गोहाना में भगवान शिव की 55 फुट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण
हरियाणा साहित्य अकादमी के पूर्व निदेशक निजी तौर से गोहाना में बनवा रहे हैं प्रतिमा
गोहाना :- 1 नवम्बर : शहर में रोहतक रोड पर बस स्टैंड के निकट स्थित श्मशानघाट में भगवान शिव की 55 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण झारखंड के कलाकार बड़ी तीव्र गति से कर रहे हैं। विशाल प्रतिमा गिनती के 6 माह में पूर्ण होने की संभावना है। लोकार्पण नए साल में होगा । इस भव्य प्रतिमा का लाखों रुपए की लागत से निर्माण अपने निजी व्यय से डॉ. एस. एस. मुद्गिल करवा रहे हैं। वह हरियाणा साहित्य अकादमी के पूर्व निदेशक हैं।
डॉ. एस.एस. मुदगिल भगवान शिव के परम भक्त हैं। वह इससे पहले रोहतक में भी अपने ही खर्च से भगवान शिव की दो गगनचुंबी प्रतिमाओं का सफल निर्माण करवा चुके हैं। सबसे पहली प्रतिमा उन्होंने तेलियार लेक के मार्ग पर स्थित शिव मंदिर में स्थापित करवाई। यह प्रतिमा 40 फुट ऊंची है। दूसरी प्रतिमा उन्होंने ब्राह्मणवास गांव के गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिके कॉलेज में लगवाई। वह प्रतिमा 51 फुट ऊंची है। गोहाना सहित तीनों प्रतिमाएं कंक्रीट की हैं। तीनों प्रतिमाओं का सृजन झारखंड के सिद्धहस्त कलाकारों की टीम के हाथों से हुआ है और हो रहा है।
गोहाना डॉ. एस. एस. मुदगिल का कर्म क्षेत्र है। आधी सदी पहले यह डॉ. मुदगिल ही थे जिन्होंने क्षेत्र के सर्वप्रथम एम.बी.बी.एस. चिकित्सक के रूप में महम मोड़ पर गोहाना में प्रैक्टिस प्रारंभ की। उनका कहना है कि गोहाना के श्मशानघाट में प्रतिमा की स्थापना की प्रेरणा उन्हें स्वयं भगवान शिव से प्राप्त हुई। एक दिन उनके दिल में हक उठी कि अपने कर्म क्षेत्र में तो उन्होंने भगवान शिव की प्रतिमा बनवाई ही नहीं।
तत्क्षण डॉ. एस. एस. मुदगिल रोहतक से गोहाना पहुंचे। उन्होंने बस स्टैंड के निकट के श्मशानघाट में एडवोकेट एस.एस. मिगलानी और गुलशन नारंग को बुलवाया। उन्हें बताया कि वह इस श्मशानघाट में भगवान शिव की प्रतिमा बनवाने के आकांक्षी हैं। एक सप्ताह के भीतर जुलाई के महीने भूमिपूजन भी हो गया । प्रतिमा की कुल ऊंचाई 69 फुट है। इसमें से 14 फुट का फाउंडेशन भूमि के नीचे है। धरातल से प्रारंभ प्रतिमा की ऊंचाई 55 फुट की होगी।
डॉ. मुदगिल ने बताया कि यह प्रतिमा दिसंबर में बन कर तैयार हो जाएगी। उसके बाद जनवरी में इस का लोकार्पण करने का प्रयास किया जाएगा।



