ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद गोहाना ने हटवाए अतिक्रमण
दोबारा अतिक्रमण करने पर दी चालान करने की चेतावनी
गोहाना :-30 अक्तूबर : ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद ने सोमवार को शहर में दिवाली के त्यौहार और धान के सीजन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अपनी दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर उन्होंने दोबारा अतिक्रमण किया, उनका चालान कर दिया जाएगा।
यह अतिक्रमण हटाओ अभियान गोहाना पुलिस जिले की डी.सी.पी. भारती डबास के निर्देश पर चलाया गया। अभियान ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी जोगेंद्र ग्रेवाल के नेतृत्व में चलाया गया। इस अभियान में सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी पवार अपने कर्मचारियों के जत्थे के साथ शामिल हुई। पुलिस के साए में यह अभियान अंबेडकर चौक के दोनों तरफ चलाया गया। नए बस स्टैंड और पानीपत चुंगी तक उस सामान को जब्त कर लिया गया जिसे दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर रखा हुआ था। आरोप है कि हालांकि दुकानों के आगे की जमीन नगर परिषद की है, पर दुकानदार उस जमीन पर रेहड़ियां लगवाते हैं तथा उसका बाकायदा किराया वसूला जाता है। प्रशासन का कहना है कि ऐसी नाजायज कोशिशों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। अधिकारियों ने ऑटो चालकों को भी चेतावनी दी कि वे अपने ऑटो को सड़क के किनारे खड़ा न करें अन्यथा उनके चालान कर दिए जाएंगे।
