गोहाना पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन में नशे के हॉट स्पॉट इलाकों की घेराबंदी
पुलिस की 6 टीमों ने नशा तस्करों की दुकानों और घरों पर बोला धावा
गोहाना :-29 अक्तूबर : गोहाना पुलिस जिला की डी.सी.पी. भारती डबास और ए. सी. पी. नरेंद्र खटाना के नेतृत्व में रविवार को पुलिस ने गोहाना शहर में विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में सुबह के 5 बजे से 8 बजे तक पुलिस ने शहर में नशे के हॉट स्पॉट इलाकों की घेराबंदी की। पुलिस की 6 टीमों ने नशा तस्करों के घरों और दकानों पर धावा बोला।
गोहाना शहर में आर्य नगर और देवी नगर नशे के हॉट स्पॉट समझे जाते हैं। सी.आई.ए. इंस्पेक्टर धीरज कुमार, सिटी थाने के एस.एच.ओ. नीरज कुमार, महिला थाने की एस.एच.ओ. सुदेश के साथ सैकड़ों की संख्या में पुलिस कर्मचारी भोर का उजाला फूटने से पहले स्पेशल चैकिंग अभियान में जुट गए।
इस तलाशी अभियान में उन घरों की गहन तलाशी ली गई जो संदिग्ध नशा तस्कर हैं। यह तलाशी उन नशा तस्करों के ठिकानों की हुई जिन पर पहले से एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
सर्च अभियान में विशेष कमांडो टीम के साथ डॉग स्कवॉयड के साथ नशा तस्करों के घरों पर कॉम्बिंग सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। इस अभियान में पुलिस ने किराए पर रह रहे किराएदारों के दस्तावेजों की भी जांच की। करीब 120 संदिग्ध वाहनों के कागजातों की जांच करते हुए हिस्ट्रीशीटरों को राउंडअप किया गया पुलिस के इस बड़े अभियान से दोनों कॉलोनियों में हड़कम्प मच गया।
डी.सी.पी. भारती डबास के आदेश पर पुलिस रात और सुबह के समय आपराधिक गतिविधियों के साथ की रोकथाम के लिए अभियान नियमित रूप से चला रही है।
नशीले पदार्थ रखने वालों को चिह्नित कर उन पर गुप्त रूप से निगाह रखी जा रही है पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उनकी काउंसलिंग भी करवा रही है।
