मेन बाजार में दुकानों से लेकर फुटपाथ व सड़कों तक अतिक्रमण, जाम से जूझना पड़ेगा लोगों को
गोहाना :- त्योहारी सीजन में आमजन को सड़कों से लेकर मेन बाजार तक जाम से जूझना पड़ेगा। इसका मुख्य कारण सड़कों तक हुआ अतिक्रमण और पार्किंग की सुविधा न होना है। ऐसे में दुकानों से लेकर फुटपाथ व सड़कों तक अतिक्रमण होने और बेतरतीब खड़े वाहनों को जाम से जूझना पड़ेगा। इससे आमजन को परेशानी होगी।
शहर में मुख्य तौर पर एक ही मेन बाजार है। करीब तीन किमी के बाजार में 15 फीट चौड़ी सड़कें बनाई गई हैं, जो मुख्य रास्ते के साथ गलियों से होते हुए जींद रोड, सिविल रोड, पानीपत रोड, पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र को जोड़ती हैं। इसके अलावा बाहर मुख्य सड़कों पर भी अलग-अलग सैकड़ों दुकानें बनी हुई हैं। इन सड़कों पर हर रोज सैकड़ों ही वाहन चालक आवागमन करते हैं, क्योंकि शहर में फिलहाल बाईपास की सुविधा नहीं है। इसके चलते पहले ही शहर में जाम लगता है। अब त्योहारी सीजन शुरू होने पर शहर व मेन बाजार में तीन गुणा भीड़ बढ़ेगी।
इसके चलते वाहन चालकों व आमजन की संख्या भी अधिक होगी। उसके बावजूद शहर में न तो कोई पार्किंग की सुविधा हैं और सड़कों पर जो जगह है, उस पर दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों का कब्जा है। इसके चलते चालक वाहनों को सड़कों पर बेतरतीब खड़े करते हैं, जिस कारण आमजन को लंबे जाम से जूझना पड़ेगा। यही नहीं मेन बाजार में तो 15 फीट चौड़ी सड़क अतिक्रमण के चलते 8 फीट ही रह जाती है। इसके चलते लोगों को पैदल निकलने का रास्ता भी नहीं मिलता। इसके अलावा आगजनी की घटना होने पर फायरब्रिगेड की गाड़ी तक भी नहीं गुजर सकती।
त्योहारी सीजन में दुकानदार अतिक्रमण को बढ़ावा देते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नप प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमण से निपटने के लिए तैयारी कर ली हैं। दो टीमें दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों को अतिक्रमण न करने की हिदायत देंगे। न मानने पर उसका सामान जब्त किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा। दुर्गा देवी, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, गोहाना।
दुकानदार त्योहारी सीजन में प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार ही अपना व्यापार करें। वे अतिक्रमण न करें और आमजन का रास्ता न रोकें। अगर आमजन को कोई परेशानी आती है तो व्यापार मंडल प्रशासन के साथ मिलकर उससे निजात भी दिलाएगा। विनोद जैन, अध्यक्ष व्यापार मंडल गोहान।
अतिक्रमण को दुकानदार ही बढ़ावा देते हैं। इससे आमजन को परेशानी होती है। दुकानदार सिस्टम में रहकर अपना काम करें और आमजन को परेशानी भी न आने दें। वे आने-जाने वाले लोगों के लिए पूरा रास्ता दें। विकास जैन, प्रधान कपड़ा एवं किराना एसोसिएशन।
शहर में सिविल रोड, पुराना बस स्टैंड, महावीर चौक, समता चौक, महम मोड़ से लेकर फव्वारा चौक तक अतिक्रमण है। रेहड़ी संचालक फुटपाथ पर कब्जा किए हुए हैं। यही नहीं शाम होते ही वे सड़कों आ आ जाते हैं, जिससे सड़कें संकरी होती और रात को वाहनों की संख्या अधिक होने से चालकों को रुक-रुककर आवागमन करना पड़ता है।


