कृष्ण आदर्श गौशाला और श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के चुनाव के लिए मनजीत सिंह को किया ऑब्जर्वर नियुक्त
गोहाना :- 29 सितम्बर : शहर में देवीनगर स्थित श्री कृष्ण आदर्श गौशाला और जींद रोड पर स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए औद्योगिक विस्तार अधिकारी मनजीत सिंह को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति फर्म एंड सोसायटी की सोनीपत जिले की जिला रजिस्ट्रार द्वारा संजीत कौर द्वारा की गई है। गोहाना की दोनों गौशालाओं के चुनाव को ले कर अगस्त में तब विवाद खड़ा हो गया जब 5 अगस्त को प्रस्तावित नए चुनाव को ले कर गंभीर आपत्तियां दायर की गई। फर्म एंड सोसायटी की जिला रजिस्ट्रार ने उन आपत्तियों का गहन संज्ञान लिया तथा चुनाव पर रोक लगा दी ।
बाद में जिला रजिस्ट्रार संजीत कौर ने दोनों गौशालाओं का चुनाव करवाने के लिए आर. ओ. की नियुक्ति कर दी। आर.ओ. संजीव सिंघल को नियुक्त किया गया। वह नई अनाज मंडी के युवा आढ़ती हैं। संजीव सिंघल गौशालाओं के नामांकन से ले कर मतदान का पूरा शेड्यूल अधिसूचित कर चुके हैं। अब इन दोनों गौशालाओं के निवर्तमान अध्यक्ष घन श्याम तायल की ओर से जिला रजिस्ट्रार से आग्रह किया गया कि वह गौशालाओं के निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एक ऑब्जर्वर की नियुक्ति कर दें। आग्रह को स्वीकार करते हुए जिला रजिस्ट्रार औद्योगिक विस्तार अधिकारी मनजीत सिंह को ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। गौशालाओं के चुनाव में नामांकन से मतदान तक की पूरी प्रक्रिया देवीनगर की गौशाला में होगी।
आर.ओ. संजीव सिंघल द्वारा चुनाव प्रक्रिया को अमली जामा पहनाने के समय ऑब्जर्वर नियुक्त मनजीत सिंह पूरा समय उपस्थित रहेंगे। आर.ओ. संजीव सिंघल के अनुसार नामांकन एक अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहरबाद 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर मतदान 29 अक्तूबर को इसी समय में करवाया जाएगा। नामांकन और मतदान देवीनगर गौशाला में होंगे।


