AdministrationGohana

गोहाना में धान की खरीद नहीं होने पर सड़क पर बैठे किसान लगाया जाम

जाम न लगाने और उनकी समस्या का समाधान करने के लिए किसानों को समझाते मंडी प्रधान साथ हैं पुलिस

गोहाना :- जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में दो दिन से धान की खरीद नहीं हो रही है। मंगलवार को किसानों ने जींद रोड पर बैठ गए। जाम की सूचना मिलने के बाद पहुंची शहर थाना पुलिस व अनाज मंडी के प्रधान विनोद सहरावत ने किसानों को समझाया और खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसान सड़क से हट गए। करीब 15 मिनट तक लगे जाम के कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।

आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों के बीच विवाद चल रहा है। इसके चलते नई अनाज मंडी में दो दिन से फसलों की खरीद बंद है। किसान अपनी फसलों को लेकर अनाज मंडी तो पहुंच रहे हैं, लेकिन उनको खरीदा नहीं जा रहा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फसलों की खरीद नहीं होने से किसानों में रोष है। अधिकारियों की माने तो ट्रक यूनियन गोहाना के ट्रांसपोर्टर मंडी के आढ़तियों से क्षमता के अनुसार ट्रकों में अनाज भरने और बारदाना लाने पर किराया देने की मांग कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट रात को देर होने पर अगले दिन का किराया देने की मांग करते हैं। आढ़ती ट्रांसपोर्टरों की मांगों को गलत बता रहे हैं।

किसी भी फसल की खरीद न होने पर भड़के किसान
मंगलवार को धान, कपास और बाजरे की खरीद नहीं होने पर किसान भड़क गए। दोपहर बाद 3.30 बजे किसान अनाज मंडी के गेट के सामने पहुंचे और गोहाना-जींद रोड के बीच में बैठ गए। किसान लगभग 15-20 मिनट तक रोड पर बैठे रहे, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित रहा। शहर थाना गोहाना के प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर जाम खुलवाया।
ट्रांसपोर्ट यूनियन और आढ़तियों के बीच विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से अनाज की खरीद बंद थी। अब विवाद का समाधान कर दिया गया है। साथ ही खरीद शुरू कर दी है। अब फसलों की खरीद रोजाना की जाएगी। -विनोद सहरावत, नई अनाज मंडी प्रधान, गोहाना।

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button