बिजली निगम को सब स्टेशन तैयार करने के लिए नहीं मिल रही है जमीन, तीन सब स्टेशन तैयार करने का प्रोजेक्ट अटका
गोहाना :- ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निगम को सब स्टेशन तैयार करने के लिए जमीन नहीं मिल रही है। जिससे तीन सब स्टेशन तैयार करने का प्रोजेक्ट अटक गया है। ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए विभिन्न गांवों में 33 केवीए क्षमता के 16 सब-स्टेशन तैयार किए हैं। निगम अधिकारियों ने किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए हैं। घरेलू कनेक्शनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। नए कनेक्शनों की संख्या बढ़ने से निगम के सब-स्टेशनों पर लोड बढ़ गया है।
इससे निगम के कई सब स्टेशन ओवरलोड हो गए हैं। ओवरलोड के कारण गर्मी के सीजन में उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होती है। बिजली सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निगम को नए सब स्टेशन तैयार करने की आवश्यकता है। इसके लिए अधिकारियों ने प्रपोज भी तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा है।
निगम अधिकारी तीन सब स्टेशनों के लिए जमीन की तलाश कर रहे हैं। सब स्टेशनों के लिए निगम को जमीन मुख्य सड़क के नजदीक चाहिए। किंतु चिन्हित की गई पंचायतें निगम अधिकारियों को जमीन मुख्य सड़कों के नजदीक उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं। मुख्य सड़क के नजदीक जमीन नहीं होने के कारण अधिकारी उसे जमीन पर सब स्टेशन के निर्माण की मंजूरी नहीं दे रहे हैं।
इन क्षेत्रों में तलाश की जा रही जमीन निगम अधिकारियों ने उपमंडल में चार नए सब स्टेशन तैयार करने का प्रपोजल भेजा हुआ है। अधिकारियों को एक सब स्टेशन के लिए जमीन मिल चुकी है। अधिकारियों को सब स्टेशन के लिए जमीन तिहाड़ मलिक गांव में मिली है। जमीन की खरीद के लिए अधिकारियों ने मुख्यालय को पत्र भी लिख दिया है। तीन अन्य सब स्टेशनों के लिए निगम अधिकारी लाठ, जौली, रामगढ़, कैलाना, सिवानामाल, गंगाना आदि गांवों में जमीन तलाश कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सप्लाई देने के लिए नए सब स्टेशन तैयार किए जाने हैं। इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है। जमीन मिलने के बाद सब स्टेशन के निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -धर्मवीर, एक्सईएन, बिजली निगम, गोहाना


