नई अनाज मंडी में फसल की आवक शुरू होने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने टूटे हुए सर्विस रोड की ली है सुध
गोहाना :- नई अनाज मंडी में फसल की आवक शुरू होने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने टूटे हुए सर्विस रोड की सुध ली है। बोर्ड के अधिकारियों ने मंडी में सर्विस रोड की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। ऐसे में फसल की आवक के दौरान मंडी परिसर में मरम्मत कार्य होने से किसानों को परेशानी हो रही है।
नई अनाज मंडी में बरसात सीजन के दौरान सर्विस रोड जर्जर हो गए थे। रोड पर जगह-जगह बजरी उखड़ी हुई थी। वहीं कई स्थानों पर गड्ढे भी बने हुए हैं। अब अनाज मंडी में धान का सीजन शुरू हो चुका है। इसके चलते बीते कई दिन से अनाज मंडी में धान, कपास और बाजरे की आवक भी शुरू हो चुकी है। प्रतिदिन किसान फसल लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं। मार्केटिंग बोर्ड ने समय रहते अनाज मंडी में सर्विस रोड की मरम्मत नहीं कराई। अधिकारियों ने सीजन शुरू होने के बाद मंडी में मरम्मत का कार्य शुरू किया है। मंडी परिसर में अभी जगह-जगह फसल की ढेरियां पड़ी हुई हैं। इससे मंडी में मरम्मत का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
अनाज मंडी में धान की होती है ज्यादा आवक शहर की अनाज मंडी प्रदेश की बड़ी अनाज मंडियों में शामिल है। इसके चलते अनाज मंडी में गेहूं और धन सीजन के दौरान दोनों ही फसलों की आवश्यकता रहती है। अनाज मंडी में बीते वर्ष करीब 26 लाख क्विंटल धान की आवक हुई थी। मंडी के सर्विस रोड टूटे होने के कारण किसानों को फसल लेकर आने में परेशानी झेलनी पड़ती है।
अनाज मंडी परिसर में सर्विस रोड की मरम्मत कराई जा रही है। मंडी में फसल की आवक अभी कम है। अनाज मंडी में मरम्मत का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। -धर्मवीर, एसडीओ, मार्केटिंग बोर्ड।


