जी-20 सम्मेलन के चलते गोहाना से अजमेर रूट रहेगा प्रभावित

गोहाना :- जी-20 सम्मेलन के चलते गोहाना से अजमेर रूट प्रभावित रहेगा। दिल्ली में बसों का प्रवेश बंद होने से बस अड्डे से अजमेर के लिए बस का परिचालन नहीं किया जाएगा। गोहाना से अजमेर के लिए रोजाना दो बसें जाती हैं। वीरवार से ही इन बसों का इस रूट पर परिचालन बंद कर दिया गया। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डीआई दिलबाग मान ने बताया कि दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलने से दोनों बसों का संचालन 10 सितंबर तक बंद किया गया है। जी-20 सम्मेलन समाप्त होने के बाद अजमेर के लिए बसों का संचालन दोबारा से शुरू कर दिया जाएगा।
जी-20 सम्मेलन के चलते दिल्ली के अंदर बसों का प्रवेश बंद किया गया है। बसें केवल रिंग रोड तक जा सकेंगी। इस व्यवस्था से दिल्ली रूट प्रभावित रहेगा। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, सोनीपत


