हड़ताल के बाद क्लर्कों के ड्यूटी संभालने के बाद लोगो को राहत
गोहाना :- वेतनमान की मांग को लेकर 42 दिन की हड़ताल के बाद क्लर्कों के ड्यूटी संभालने के बाद कार्यालयों में लोगों के कार्य पटरी पर लौट आए हैं। अकेले नप कार्यालय में अब तक क्लर्क की अलग कमरे में विशेष ड्यूटी लगाकर अधिकारियों ने 1000 से अधिक पेंडिंग ऑनलाइन फाइलों को पास कराया है। इसके साथ ही ऑफलाइन फाइलों को भी जल्द निपटाने का कार्य सौंपा है। ऐसे में हर रोज पेंडिंग फाइलों के पास होने से आमजन को काफी राहत मिली है।
शहर के नप कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स, एनओसी, नक्शा, जन्म एवं प्रमाण समेत अन्य कार्य होते हैं। इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स के बिल, एरिया समेत अन्य शिकायतों का निपटान भी किया जाता है। इन कार्यों की फाइलों को पास करने में क्लर्कों की अहम भूमिका होती है। इसी के तहत नगर निकाय विभाग के अंतर्गत नप कार्यालय में पांच क्लर्कों की नियुक्ति की गई है। इनके बीते दिनों 42 दिन तक हड़ताल पर रहने से नप कार्यालय में एनओसी, नक्शा, जन्म एवं प्रमाण समेत अन्य कार्यों के लिए 1165 लोगों ने अपनी फाइलें ऑनलाइन जमा कराई थीं।
इसके अलावा करीब 500 लोगों ने ऑनलाइन फाइल भी जमा कराई थीं। इनमें लोगों की प्रॉपर्टी टैक्स, एरिया, नाम, मोबाइल नंबर सही न होने की भी शिकायतें शामिल हैं। क्लर्कों की हड़ताल के लिए लोगों को हर रोज इन फाइलों को लेकर नप कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे थे। अधिकारी भी इन्हें पास नहीं कर पा रहे थे।
इस बीच 18 दिन पहले क्लर्कों की हड़ताल खत्म हुई तो अधिकारियों ने जल्द पेंडिंग फाइलों को निपटाने का निर्णय लिया। इसके लिए एक क्लर्क व अन्य कर्मचारी की विशेष ड्यूटी लगाकर उन्हें अलग से कमरा भी दिया गया। उसके बाद से अब तक कर्मचारी ऑनलाइन आई 1000 से अधिक फाइलों को पास करा चुके हैं। इसके अलावा अब ऑफलाइन फाइलों का समाधान करने की प्रक्रिया शुरू की है।
क्लर्कों की हड़ताल के चलते कार्यालय में फाइलें पेंडिंग थी। इनका समाधान करने के लिए क्लर्क व कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। उन्होंने अधिकतर फाइलों का निपटान भी कर दिया है। अब जल्द ही अन्य फाइलों का भी निपटान करा दिया जाएगा, ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो। -कुलदीप मलिक, ईओ, नगर परिषद, गोहाना।


