नप प्रशासन ने मुख्य मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को कराया ठीक
गोहाना :- नप प्रशासन ने रविवार को मुख्य मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को एजेंसी के माध्यम से चालू कराया। एजेंसी के कर्मचारियों ने बीते कई महीने से रोहतक रोड व जींद रोड पर खराब होने के चलते बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया। शहर को जगमग बनाने व वाहन चालकों की सुविधा के उद्देश्य से नप प्रशासन ने मुख्य मार्गों के साथ गलियों में स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। मुख्य मार्गों पर बड़ी और गलियों में छोटी लाइटें लगाई गई हैं। इनमें अकेले जींद रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर करीब 60 बड़ी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इसके अलावा रोहतक रोड, पानीपत रोड, सिविल रोड, बरोदा रोड सहित अन्य मार्गों पर भी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
इसके बावजूद इन मार्गों पर बीते कई महीने से आधी से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें खराब होने के चलते बंद पड़ी थी। हालांकि नप प्रशासन ने इनकी देखरेख व मरम्मत का टेंडर निजी एजेंसी को दिया है, फिर भी इन्हें ठीक करने में देरी हो रही थी। इससे वाहन चालकों, राहगीरों व स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थे। वे नप प्रशासन से लाइटों को ठीक कराने की मांग करते आ रहे थे। लोगों की इस समस्या का मुद्दा भास्कर ने भी प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नप के अधिकारियों ने एजेंसी को जल्द लाइटें ठीक करने के निर्देश दिए थे। इस पर रविवार को एजेंसी ने कर्मचारियों के माध्यम से जींद रोड व रोहतक रोड पर लगी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करा चालू कराया।


