दोनों गौशालाओं के चुनाव के लिए संजीव सिंघल को किया गया आर.ओ. नियुक्त
गोहाना :- शहर में देवीनगर स्थित श्रीकृष्ण आदर्श गौशाला और जींद रोड पर स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के नए त्रिवार्षिक चुनाव करवाने के लिए आढ़ती संजीव सिंघल रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उन्हें आर.ओ. सोनीपत के फर्म एंड सोसायटी के जिला रजिस्ट्रार ने नियुक्त किया है। दोनों गौशालाओं के चुनाव 5 अगस्त को होने थे। लेकिन फर्म एंड सोसायटी के जिला रजिस्ट्रार ने उस शिकायत का संज्ञान ले लिया जो गौशालाओं के मतदाताओं द्वारा की गई। रामधन भारतीय और अन्य द्वारा की गई शिकायत में चुनाव प्रक्रिया को ले कर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस पर जिला रजिस्ट्रार ने शिकायत का निपटान होने तक अनिश्चितकालीन के लिए चुनाव को स्थगित कर दिया था। अब जिला रजिस्ट्रार ने नए चुनाव की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। चुनाव करवाने के लिए उन्होंने आर. ओ. की नियुक्ति कर दी है। आर.ओ. नई अनाजमंडी के आढ़ती संजीव सिंघल बनाए गए हैं। जिला रजिस्ट्रार ने गौशालाओं के अध्यक्ष घनश्याम तायल और सचिव राम कुंवार गर्ग को हिदायत दी है कि वे दोनों नए चुनाव को करवाने में नियुक्त आर.ओ. संजीव सिंघल को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।


