शहर के लोगों को बंदरों के आतंक से मिलेगी मुक्ति, नगर परिषद ने दिया पकड़ने का टेण्डर
गोहाना :- गोहाना के लोगों को बंदरों के आतंक से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए नप प्रशासन उन्हें पकड़वाने का अभियान चलाएगा। एजेंसी को टेंडर जारी करके 1000 बंदर पकड़ने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए एक बंदर पकड़ने पर 1400 रुपए का भुगतान करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।
शहर भर में लंबे समय से बंदरों का आतंक है। कई लोगों को बंदर काटकर घायल कर चुके हैं। सबसे ज्यादा समस्या बरोदा रोड, मेन बाजार, समता चौक, कॉलेज मोड़ समेत विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को आ रही है। यहां बंदरों के आतंक के चलते बच्चों का छतों पर जाना बंद हो गया है। इसको लेकर कई बार मांग हो चुकी है। इन्हें पकड़वाने के लिए नप प्रशासन बीते करीब एक साल से प्रक्रिया अपना रहा है। क्योंकि यह एजेंडा बीते साल नप की हाउस की बैठक में ही पास हो गया था। इसके बावजूद नप प्रशासन टेंडर नहीं लगा पा रहा था। अब टेंडर हो गया है
^शहर में बंदरों को लेकर लोगों की शिकायतें मिल रही हैं। इसी के तहत बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाने के लिए एजेंसी को टेंडर दे दिया है। एजेंसी को 1000 बंदर पकड़ने का काम दिया गया है। जल्द ही एजेंसी से यह कार्य शुरू करा दिया जाएगा। कुत्तों को लेकर जल्द अहम कदम उठाए जाएंगे। रजनी विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद गोहाना।


