नगर परिषद के पहले सी.एस.सी. का निर्माण कार्य प्रारंभ
गोहाना :- शहर के जींद रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू नगर परिषद पार्क में शुक्रवार को नगर परिषद के प्रथम कॉमन सर्विस सेंटर (सी.एस.सी.) का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया। इस कार्य का श्री गणेश नारियल फोड़ कर शिलान्यास पाथर नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने रखा। शिलान्यास समारोह में नगर परिषद की वाइस चेयरपर्सन राजबाला मलिक और नगर पार्षद आजाद सिंह मलिक भी पहुंचे। नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि सी. एस. सी. में नागरिक सब ऑनलाइन सुविधाओं से लाभान्वित हो सकेंगे। सी.एस.सी. के निर्माण कार्य पर 22 लाख रुपए खर्च होंगे तथा इसे जल्दी से जल्दी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
जवाहर लाल नेहरू नगर परिषद पार्क में सी.एस.सी. का निर्माण पार्क के पिछले हिस्से में वहां होगा जहां वार्ड 5 और वार्ड 6 के नागरिकों के प्रवेश के लिए पार्क का छोटा गेट बना हुआ है। सी.एस.सी. के प्रयोग को बढ़ावा
देने के लिए नगर परिषद इस गेट को चौड़ा करवाएगी।
चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने बताया कि नगर परिषद पुरानी सब्जी मंडी के अमर शहीद मदन लाल
धींगड़ा पार्क और देवी नगर के स्वर्ण जयंती पार्क में भी
सी.एस.सी. तैयार करवाएगी।
इन के लिए वांछित नए कर्मचारियों की मांग राज्य सरकार से की जाएगी। सी.एस.सी. के शिलान्यास के मौके पर जे.ई. अंकित धनखड़, मनीष कुमार, महेंद्र सैनी आदि उपस्थित रहे।


