कथूरा गांव में बिजली के अघोषित कटों से परेशान ग्रामीणों का हंगामा ; सब-स्टेशन से कर्मचारियों को बाहर निकालकर किये गेट बंद
गोहाना :- कथूरा गांव में बिजली के अघोषित कटों से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को सब-स्टेशन से कर्मचारियों को बाहर निकालकर गेट बंद कर दिए। सब-स्टेशन परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे एसडीओ कपिल यादव से ग्रामीणों ने 24 घंटे बिजली सप्लाई देने की मांग की। एसडीओ ने जवाब में कहा कि गांव में लाइन लॉस अधिक है, सप्लाई बढ़ाकर 24 घंटे नहीं की जा सकती है।
उन्होंने ग्रामीणों को शेड्यूल में दो घंटे बिजली की सप्लाई बढ़ाने और मुख्यालय द्वारा लगाए जाने वाले अघोषित कटों में कमी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना खत्म कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में मीटर बाहर लगे हैं, अधिकारियों ने 24 घंटे बिजली सप्लाई का आश्वासन दिया था। लेकिन अब 16 घंटे का शेड्यूल बनाया है। लेकिन 10 से 11 घंटे ही बिजली मिलती है। रात के समय कई बार कट लगते हैं। रात को लगने वाले कट ग्रामीणों की परेशानी अधिक बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर कामकाज करने के बाद रात को कट लगने के कारण वे सो भी नहीं पा रहे हैं।
बिजली के कट बीते कई दिनों से लग रहे हैं। अधिकारियों को बार-बार शिकायतें करने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे गुस्साए ग्रामीण दोपहर करीब 12 बजे सब-स्टेशन परिसर में एकत्रित हो गए और कर्मचारियों को बाहर निकालकर गेट को बंद कर दिया।
एसडीओ ने ग्रामीणों को 18 घंटे बिजली की सप्लाई देने का आश्वासन दिया। यहां से चार गांवों को सप्लाई: कथूरा गांव में बने सब-स्टेशन से चार गांवों में बिजली की सप्लाई दी जाती है। इनमें कथूरा, धनाना, कहैल्पा और छपरा गांव शामिल हैं। इनमें से धनाना और छपरा गांव को म्हारा गांव-जगमग गांव योजना में शामिल किया हुआ है, जिसके चलते इन गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई का शेड्यूल है।
वहीं कथूरा और कहैल्पा गांव में लाइन लोस अधिक होने के कारण 16 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाती है। कथूरा गांव में ग्रामीणों को समझाते हुए एसडीओ कपिल यादव। 24 घंटे सप्लाई देने का दिया प्रस्ताव ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में बिजली की सप्लाई के घंटे पर्याप्त नहीं हैं।
ग्रामीणों ने सब-स्टेशन में एसडीओ कपिल यादव को गांव में 24 घंटे बिजली की सप्लाई देने की मांग को लेकर एसडीओ को पंचायत की तरफ से प्रास्ताव भी दिया। एसडीओ ने ग्रामीणों के प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया।
मुख्यालय के आदेशानुसार लगाए जा रहे कट लाइनों पर लोड अधिक है। सप्लाई ठप न हो इसलिए मुख्यालय से कट लगाने के आदेश आ रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों को समझा दिया गया है। स्थिति सामान्य होने पर अघोषित कट लगने बंद हो जाएंगे। कपिल यादव, एसडीओ, सब-डिविजन, कथूरा


