सड़कों के किनारे बने फुटपाथ पर पीली पट्टी लगवाकर उन्हें किया है पार्किंग क्षेत्र घोषित ; इस नियम का उल्लंघन करने वालों से नप प्रशासन व पुलिस सख्ती से निपटेगी।
गोहाना :- शहर में अतिक्रमण और सड़कों पर सवारी वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए नगर परिषद ने कदम उठाया है। सड़कों के किनारे बने फुटपाथ पर पीली पट्टी लगवाकर उन्हें पार्किंग क्षेत्र घोषित किया है। इस नियम का उल्लंघन करने वालों से नप प्रशासन व पुलिस सख्ती से निपटेगी।
शहर की अंदरुनी सड़कों से जींद, पानीपत, रोहतक, महम, जुलाना, सोनीपत, खरखौदा समेत विभिन्न गांवों व शहरों के लोग वाहन से आते हैं। कब्जे के कारण सड़कें संकरी होने से यहां लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इसका मुख्य कारण शहर की सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़ा करना व रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण है। इसके चलते पुराना बस स्टैंड, महावीर चौक, सिविल रोड, महम मोड़, डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक व बरोदा रोड पर जाम की सबसे अधिक समस्या होती है। इससे आमजन व अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसी से निपटने के लिए न प्रशासन ने शहर की सड़कों को पार्किंग क्षेत्र घोषित किया है।
पीली पट्टी के अंदर ही खड़े करने होंगे वाहन नप ने सिविल रोड पर कॉलेज मोड़ से लेकर पुराना बस अड्डा, समता चौक व डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक तक और पानीपत रोड, रोहतक रोड भी पीली पट्टी लगाई गई है। इसमें दुपहिया व चार पहिया वाहनों के खड़े करने के लिए अलग-अलग पट्टी लगाई गई हैं। ऐसे में चालकों को अपने वाहनों को पीली पट्टी के दायरे में ही खड़े करने होंगे। ऐसा न करने वालों के चालान होंगे, जिसके लिए नप प्रशासन पुलिस का सहयोग लेगी। वहीं रेहड़ी संचालकों को भी नियमों का पालन करना होगा। अगर संचालकों ने रेहड़ियों को रोड पर लगाया तो नप प्रशासन उन पर भी नियम अनुसार कार्रवाई करेगा।
^शहर में जाम व अतिक्रमण की समस्या का मामला संज्ञान में है। सड़कों के किनारे पीली पट्टी लगवाई गई हैं। ऐसे में आमजन से अपील है कि वे ट्रैफिक के साथ अन्य नियमों का पालन भी करें, ताकि अन्य लोगों को कोई परेशानी न हो। – रजनी विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, गोहाना


