बासिया परिवार ने कायम की समाज सेवा की अनुकरणीय मिसाल: राजेश चेतन
बीपीएमएस के 43 वें निःशुल्क शिविर में 155 मरीजों की जांच,19 का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन




भिवानी, (अनिल जिंदल) 19 अगस्त । समाज सेवा के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के 43 वें निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर में भारी संख्या में मरीज उमड़े। कुल 155 मरीजों की ओपीडी हुई। चिकित्सकों के परामर्श पर 19 मरीजों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। 27 मरीजों का ओरल टेस्ट हुआ। नौ मरीजों की प्री कैंसर जांच हुई और एक कैंसर आशंकित मरीज को रेफर किया गया।
विख्यात समाजसेवी स्वर्गीय मुरारी लाल बासिया एवं नारी शक्ति की प्रतीक स्वर्गीय मणि देवी बासिया की पुण्य स्मृति में इस शिविर का आयोजन आज कृष्ण बासिया के परिवार के सान्निध्य में श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में किया गया था।
भिवानी परिवार मैत्री संघ के अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि और स्टेज एंकरिंग के विश्व स्तरीय दिग्गज राजेश चेतन ने बताया कि उनकी संस्था ने पिछले 42 नेत्र एवं चिकित्सा शिविरों में भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, दिल्ली के अलावा राजस्थान व उत्तर प्रदेश के हजारों मरीजों को निःशुल्क उच्च स्तरीय चिकित्सा व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं।
राजेश चेतन ने समाजसेवा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जनहित कार्यों के लिए बासिया परिवार के कृष्ण बासिया की विशेष तौर पर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने समुदाय के साथ भिवानी के नाम की कीर्ति पूरे देश में फैलाई। जरूरतमंदों की सेवा में कृष्ण बासिया व उनके परिवार ने मिसाल कायम की है। दिल्ली में वह चैरिटेबल अस्पताल चला रहे हैं जिसमें हर दिन सैकड़ों मरीजों का इलाज होता है। जरूरतमंदों, निर्धनों, असहायों की मदद, शिक्षा, सामाजिक सद्भाव में भी उनका अहम योगदान रहा है।
राजेश चेतन ने कहा कि बीपीएमएस एक संस्था के साथ-साथ एक मिशन भी है जिसने जरूरतमंद मरीजों की हर स्तर पर मदद करने के साथ सभी वर्गों के समाजसेवियों व मददगारों को एक ऐसा विराट मंच प्रदान किया है जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है।
राजेश चेतन ने बताया कि शिविर में दिल्ली के प्रसिद्ध अस्पतालों, वेणु आई इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर तथा राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की।
उन्होंने कहा कि भिवानी परिवार मैत्री संघ जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। संस्था का संकल्प है कि भविष्य में भी निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविरों का सिलसिला जारी रखा जाएगा। राजेश चेतन ने कहा कि सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना के इसी भाव के साथ भिवानी परिवार मैत्री संघ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निरंतर निभाता रहेगा।


