मतदाता सूची शुद्धिकरण से मजबूत होगा लोकतंत्र : डॉ अरविंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री बोले, एसआईआर से मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने का रखें लक्ष्य


गोहाना विधानसभा के बीएलए 1, बीएलए 2 व बूथ अध्यक्षों की बैठक सम्पन्न
गोहाना, 5 जून। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने संगठन की मजबूती तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची है। इसलिए इसकी सबसे अहम कड़ी बीएलए 2 को दिल से काम करना चाहिए।
शुक्रवार को अग्रवाल सत्संग भवन, गोहाना में आयोजित गोहाना विधानसभा की संगठनात्मक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा बूथ अध्यक्षों, बीएलए-1 तथा बीएलए-2 से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है और बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी को सफलता के नए आयाम प्रदान करती है। उन्होंने बीएलए-1 और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करें तथा मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया भी पूरी गंभीरता से की जानी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रत्येक बूथ पर छोटी-छोटी कार्यकर्ता टोलियां गठित कर घर-घर संपर्क अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने बूथ क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुंचें और मतदाताओं का सत्यापन करें। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो गए हैं अथवा जिनके नाम में किसी प्रकार की त्रुटि है, उनकी जानकारी एकत्र कर समय पर अद्यतन करवाना सुनिश्चित करें।
संगठनात्मक बैठक में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने कहा कि बूथ स्तर पर सटीक जानकारी जुटाने से न केवल मतदाता सूची अधिक पारदर्शी बनेगी बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया भी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस अभियान को केवल संगठनात्मक कार्य न मानकर लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्व के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा संगठन आधारित राजनीति में विश्वास करती है और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहितकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को भी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा संगठन के निर्देशों के अनुसार पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए, जिनका कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और संगठन विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि गोहाना विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। बैठक में विधायक रणधीर पनिहार, भाजपा जिला प्रभारी डॉ किरण कलकल, भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, बीएलए 1 राजू पटवा, सभी मण्डल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बॉक्स
त्रिवेणी रोपकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुहिम एक पेड़ माँ के नाम के तहत त्रिवेणी पौधा रोपा। उन्होंने गोहाना विधानसभा के गांव नगर में बूथ संख्या 98 पर पौधारोपण किया। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हमें पौधारोपण के साथ-साथ रोपे गए पौधे की देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए, तभी वह वृक्ष बनकर आमजन को लाभान्वित करेंगे। इस मौके पर खानपुर कलां मण्डल अध्यक्ष प्रवीण खुराना एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



