माहरा आयुष औषधालय का एसडीएम अंकित कुमार ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं पूर्ण व संतोषजनक
माहरा आयुष औषधालय में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुविधाओं पर जताया संतोष, लोगों को किया जागरूक


गोहाना(सोनीपत), 3 जून। गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने मंगलवार को माहरा स्थित आयुष औषधालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औषधालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, रिकॉर्ड तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूर्ण एवं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों को सराहनीय बताया।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। नियमित योग का अभ्यास करने से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और अन्य कई बीमारियों से बचाव संभव है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी एकाग्र और शांत बनाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. सुरेश दुग्गल भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने आयुष औषधालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं योग संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोगों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
एसडीएम अंकित कुमार ने औषधालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अधिक से अधिक प्रदान करें।



