28 मई को दीनबंधु विवी, मुरथल में आयोजित होगा मेयर एवं निगम पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
– समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीसी अजय चोपड़ा एवं मेयर राजीव जैन ने किया समारोह स्थल का दौरा
– अधिकारियों को पार्किंग, ट्रैफिक, बैठने, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सोनीपत, 27 मई। नगर निगम सोनीपत के नवनिर्वाचित मेयर एवं निगम पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 28 मई को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा एवं मेयर राजीव जैन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समारोह स्थल पर वीआईपी पार्किंग, सामान्य पार्किंग, टैंट, एयर कंडीशनिंग, पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, माइक एवं साउंड सिस्टम, लिफ्ट सुविधा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा दिशा-सूचक बोर्डों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एडीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर मेयर राजीव जैन ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की नई टीम शहर के विकास, स्वच्छता, बेहतर आधारभूत सुविधाओं एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास एवं नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सभी पार्षद मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का सोनीपत आगमन जिले के लिए गौरव की बात है तथा समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी कुशल पाल, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, तहसीलदार कीर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



