राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीपत में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स
तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स में 60 सीटें उपलब्ध, 10 जून तक कर सकते हैं पंजीकरण
– हरियाणा में पहली बार किसी सरकारी अथवा निजी संस्थान में शुरू किया गया यह पाठ्यक्रम
– विद्यार्थियों के लिए सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध
सोनीपत, 25 मई। राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीपत के प्रधानाचार्य प्रवेश सांगवान ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों के लिए एक नए एवं रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रम “एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग” की शुरुआत की गई है। यह तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स होगा, जिसमें कुल 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसलिए इच्छुक युवा 10 जून तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य में यह डिप्लोमा पाठ्यक्रम पहली बार किसी भी सरकारी अथवा निजी संस्थान में प्रारम्भ किया गया है। यह पाठ्यक्रम वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के बढ़ते महत्व को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी भी राज्य अथवा केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। विद्यार्थियों का चयन निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया एवं नियमों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पूर्ण करने के उपरांत विद्यार्थियों के लिए सरकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध रहेंगी। विद्यार्थी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन विभाग, पर्यावरण संरक्षण एजेंसियों, औद्योगिक इकाइयों, नगर निकायों तथा विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने एवं स्वरोजगार स्थापित करने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए संस्थान परिसर में एक पृथक एडमिशन हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी पूर्ण क्षमता के साथ अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय समय के दौरान संस्थान में पहुंचकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं तथा पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


