सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ गोहाना में की गई कार्रवाई, 04 स्टॉकिस्टों प्रतिष्ठानों पर लगया गया 85 हजार रूपये का जुर्माना


गोहाना (सोनीपत), 21 अप्रैल। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर परिषद गोहाना की संयुक्त टीम द्वारा मंगलवार को सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए लगभग 56 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त करते हुए चार स्टॉकिस्टों प्रतिष्ठानों पर 85 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एईई योगेश ने बताया कि अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को दुकानों एवं अन्य स्थानों से जब्त किया गया, जिसे वैज्ञानिक तरीके से निपटान के लिए जेबीएम प्लांट भेजा जा रहा है। इस दौरान नगर परिषद गोहाना की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा भी मौजूद रही।
उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। नगरपरिषद द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
कार्यकारी अधिकारी ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



