युवक की हत्या की घटना में संलिप्त दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेशकर भेजे जेल

गोहाना, 21 अप्रैल। थाना सदर गोहाना की पुलिस टीम ने युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों हैप्पी पुत्र सुभाष व सुमित उर्फ़ अमन पुत्र राजपाल दोनों निवासी गाँव दोदवा जिला सोनीपत को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बतलाया कि दिनांक 15 अप्रैल 2026 को गांव दोदवा में एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा बर्फ तोड़ने वाला सुआँ से हमला किया गया था, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए BPS खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर थाना सदर गोहाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से जांच करते हुए घटना में संलिप्त दो आरोपियों अंकित पुत्र राजपाल उर्फ पाला व निकित उर्फ निक्की पुत्र बिजेन्द्र दोनों निवासी गाँव दोदवा जिला सोनीपत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया था कि आरोपियों ने दिनाँक 11-12 तारीख की रात को एक शादी समारोह में हुए झगड़े की रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था। अब थाना सदर गोहाना की अनुसंधान टीम में नियुक्त उप निरीक्षक रत्तन सिंह ने अन्य आरोपियों की खोजबीन करते हुए घटना में संलिप्त दो और आरोपियों हैप्पी पुत्र सुभाष व सुमित उर्फ़ अमन पुत्र राजपाल दोनों निवासी गाँव दोदवा जिला सोनीपत को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।



