नगर परिषद गोहाना शहर के दो प्रमुख पार्कों में लगवाएगा विदेशी तर्ज पर विशाल हाई डेफिनेशन एलईडी स्क्रीन

गोहाना, 17 अप्रैल । शहर को और आधुनिक व आकर्षक बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शहर के दो प्रमुख पार्कों में विदेशी तर्ज पर विशाल हाई डेफिनेशन एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन एलईडी को लगाने पर करीब 25 लाख रुपये की लागत आएगी।
जानकारी के अनुसार मदनलाल धींगड़ा पार्क और मंगल सेन पार्क में इन एलईडी स्क्रीन को स्थापित किया जाएगा। एलईडी लगाने के लिए ऊंचाई पर मजबूत स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, ताकि दूर से भी स्क्रीन स्पष्ट दिखाई दे सके।
इस परियोजना के तहत केवल एलईडी ही नहीं, बल्कि बेहतर साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक स्थान पर करीब 10 स्पीकर लगाए जाएंगे, जिनके साथ एम्पलीफायर सेट भी होगा, जिससे आवाज को साफ और तेज बनाया जा सकेगा। इसके अलावा हाई डेफिनेशन कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से कार्यक्रमों और गतिविधियों का लाइव प्रसारण किया जा सकेगा।
नगर परिषद की चेयरपर्सन ने बताया कि इन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शहर में होने वाले सांस्कृतिक, सामाजिक व अन्य आयोजनों को लोगों तक सीधे पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही डिजिटल मीडिया से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी इन पार्कों में किया जा सकेगा।



