कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित
कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने की दिशा में सरहनीय कदम: उपनिदेशक आशीष वर्मा


कश्मीरी युवाओं ने एसआरएम विश्वविद्यालय व बड़ी औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया
सोनीपत,11 फरवरी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत प्रतिभागी युवाओं के लिए शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को देश की शैक्षणिक एवं औद्योगिक संरचना से परिचित कराना तथा उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में आए 120 युवाओं ने एसआरएम विश्वविद्यालय का भ्रमण किया, इस दौरान एसआरएम विश्वविद्यालय के उपनिदेशक आशीष गोपाल वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम देश की एकता अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होने युवाओं को विश्वविद्यालय के इतिहास, शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं आधुनिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय परिसर, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों का अवलोकन किया। इस दौरान युवाओं ने उच्च शिक्षा, तकनीकी पाठ्यक्रमों एवं कैरियर संभावनाओं के विषय में गहन रुचि दिखाई तथा विशेषज्ञों से संवाद भी किया।
एसआरएम विश्वविद्यालय में आयोजित शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पूर्व शिक्षाविद डॉ. पूरणमल गौड ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से कश्मीर घाटी के युवाओं को देश की सांस्कृतिक,औद्योगिक एवं शैक्षिक गतिविधियों को जानने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कश्मीर और देश के अन्य भागों के युवाओं को एक दूसरे की सांस्कृतिक परंपरा और जीवन शैली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा जिससे आपसी विश्वास और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा
जिला युवा अधिकारी बृजेश कौशिक ने बताया कि शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना, युवाओं को उच्च शिक्षा एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस कार्यक्रम के माध्यम से कश्मीर घाटी के युवाओं को देश के विभिन्न क्षेत्रों की शैक्षणिक एवं औद्योगिक प्रगति को निकट से देखने एवं समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है। जिससे राष्ट्रीय एकता एवं आपसी सद्भाव को भी सुदृढ़ता मिल रही।
दोपहर बाद प्रतिभागियों को बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित शताब्दी टेक्सटाइल में औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यहां युवाओं को वस्त्र उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं औद्योगिक प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। औद्योगिक भ्रमण के माध्यम से युवाओं को उद्योग क्षेत्र की कार्य प्रणाली, तकनीकी दक्षता एवं रोजगार के विविध अवसरों को समझने का अवसर मिला।


