एसीबी करनाल की टीम ने बरोदा थाने में तैनात एसआई राजकुमार को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए किया रंगेहाथ गिरफ्तार
गोहाना :-3 जनवरी : गोहाना उपमण्डल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) करनाल की टीम ने गोहाना के थाना बरोदा में तैनात एसआई राजकुमार को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने एक मामले में जमानत करवाने और छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बदले पैसों की डिमांड की थी। मामले में टीम जांच की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
शिकायतकर्ता राजेंद्र निवासी गांव भावड, तहसील गोहाना, जिला सोनीपत ने एसीबी करनाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि एसआई राजकुमार ने उसके भाई और भतीजों की जमानत करवाने तथा उसकी भांजी से छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बदले 20 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
भांजी के साथ की छेड़छाड़
शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 सितंबर 2024 को उसकी भांजी के साथ गांव के एक युवक आतिश ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले को लेकर 30 सितंबर 2024 को दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद शिकायतकर्ता के भाई जोगेंद्र, विनोद और भतीजे सौरभ व रमन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
रंगेहाथ पकड़ा गया अधिकारी
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी करनाल की टीम ने 3 फरवरी 2025 को जाल बिछाया और थाना बरोदा परिसर में ही एसआई राजकुमार को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सख्ती
गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम जनता को न्याय मिल सके।